Bangladesh Violence: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक रूप लेता नजर आ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में स्वदेश वापसी की घोषणा और अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के आह्वान के बाद कई इलाकों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। प्रदर्शनकारियों ने चटगांव में मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर और ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को निशाना बनाया। वहीं, राजधानी ढाका में सुबह-सुबह बम धमाकों की खबर से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हिंसा की चपेट में केवल एक राजनीतिक दल के ठिकाने नहीं आए, बल्कि सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और अवामी लीग से जुड़े कार्यालयों तथा नेताओं की संपत्तियों पर भी हमले हुए हैं। हालात को देखते हुए पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भी अवामी लीग को लेकर कड़ा राजनीतिक रुख अपनाया है।
मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आगजनी, ग्रामीण बैंक भी निशाने पर
बांग्लादेश में जारी हिंसा के दौरान चटगांव के पंचलाइश इलाके में उपद्रवियों ने मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी मकान को आग के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि इस घर का निर्माण उनके पिता ने कराया था। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। इससे पहले देश के अलग-अलग हिस्सों में मोहम्मद यूनुस की ओर से स्थापित ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में भी आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। लगातार हो रहे हमलों ने राजनीतिक संघर्ष को और गंभीर बना दिया है।
दो नेताओं के घरों पर हुए हमले
हिंसा के दौरान राजनीतिक दलों से जुड़ी संपत्तियां भी सुरक्षित नहीं रहीं। ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमले किए गए। दूसरी ओर, सत्तारूढ़ बीएनपी के कम से कम दो पार्टी कार्यालयों और एक नेता के आवास को भी आग लगा दी गई। जानकारी के मुताबिक, बीते दो दिनों में अवामी लीग के कम से कम दो कार्यालयों और उसके नेताओं से जुड़ी पांच संपत्तियों को निशाना बनाया गया है। बांग्लादेश के 64 जिलों में से 28 जिलों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
शेख हसीना की वापसी के ऐलान से क्यों बढ़ा राजनीतिक टकराव?
बांग्लादेश में मौजूदा तनाव के पीछे कई राजनीतिक घटनाक्रम को अहम माना जा रहा है। अवामी लीग ने गुरुवार को देशव्यापी लॉकडाउन का आह्वान किया था। यह तारीख पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सुनाई गई मौत की सजा के फैसले की बरसी के आसपास पड़ती है। पिछले साल विशेष न्यायाधिकरण ने शेख हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में मौत की सजा सुनाई थी। इस फैसले के बाद से ही बांग्लादेश की राजनीति में तनाव बना हुआ है। दरअसल, 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद उन्हें देश छोड़कर भारत आना पड़ा। मौजूदा बांग्लादेश सरकार लगातार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। इसी बीच शेख हसीना ने दिसंबर में हर हाल में बांग्लादेश लौटने की घोषणा की। उनके इस बयान के बाद अवामी लीग के समर्थकों की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगीं। माना जा रहा है कि इस घटनाक्रम ने पहले से जारी राजनीतिक टकराव को और हवा दी है।
अवामी लीग पर प्रतिबंध और पुरानी राजनीतिक रंजिश भी बनी वजह
बांग्लादेश में मौजूदा हिंसा को केवल लॉकडाउन के आह्वान से जोड़कर नहीं देखा जा रहा है। 5 अगस्त 2024 के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के कार्यकाल में अवामी लीग की गतिविधियों पर रोक लगाने, पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियों और राजनीतिक कार्रवाई को लेकर पहले से असंतोष बना हुआ था। इस दौरान हजारों कार्यकर्ताओं को जेल भेजे जाने और बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के धनमंडी स्थित आवास को ध्वस्त किए जाने जैसी घटनाओं ने राजनीतिक माहौल को और संवेदनशील बना दिया। इन घटनाओं के चलते अवामी लीग समर्थकों और विरोधी राजनीतिक समूहों के बीच टकराव की आशंका लगातार बनी हुई थी। अब ताजा आगजनी और हमलों ने देश की कानून-व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
पुलिस का बड़ा अभियान, पूर्व शिक्षा मंत्री समेत 565 लोग गिरफ्तार
बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। राजधानी ढाका में प्रमुख फ्लाईओवरों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर वाहनों की जांच भी तेज कर दी गई है। पुलिस की ओर से चलाए गए 24 घंटे के विशेष अभियान में कुल 565 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
वीडियो सबूतों के आधार पर की जाएगी पहचान
गिरफ्तार किए गए लोगों में शेख हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके नुरुल इस्लाम नाहिद का नाम भी शामिल है। इसके अलावा, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। खासकर गोपालगंज जिले में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हजारों जवानों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने स्पष्ट किया है कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान ऑडियो और वीडियो सबूतों के आधार पर की जाएगी। उन्होंने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग पर साधा निशाना
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने हिंसा और राजनीतिक गतिविधियों के बीच अवामी लीग के खिलाफ कड़ा बयान दिया है। उन्होंने पार्टी को फासीवादी ताकत और आतंकवादी संगठन बताते हुए उसके दोबारा राजनीतिक रूप से सक्रिय होने का विरोध किया। प्रधानमंत्री ने लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट रहने की अपील की है। साथ ही बीएनपी के सांसदों और नेताओं को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में सक्रिय रहने तथा राजनीतिक परिस्थितियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। बांग्लादेश में लगातार हो रही आगजनी, बम धमाकों और राजनीतिक हमलों के बीच सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती शांति व्यवस्था बहाल करना है। आने वाले दिनों में शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर होने वाली राजनीतिक गतिविधियां देश के हालात पर कितना असर डालेंगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।