छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के ग्राम भीठीकला में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है। रविवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन महिलाओं को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को NH 130 अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग को जाम कर दिया।
साप्ताहिक बाजार से लौटते समय हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, रामबाई, मुन्नीबाई और श्यामपति साप्ताहिक बाजार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि चालक नशे की हालत में था और नियंत्रण खो बैठा।
भागते समय ट्रेलर से टकराई गाड़ी
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुछ ही दूरी पर उसकी गाड़ी सामने से आ रहे ट्रेलर से जा टकराई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को भीड़ से निकालकर अपने कब्जे में लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
सोमवार सुबह से ही ग्रामीणों ने हाईवे पर धरना देकर चक्का जाम कर दिया। उनकी मांग है कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और लगातार ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन स्थिति देर तक बनी रही।
प्रशासन ने दी तत्काल सहायता
प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये दिए गए हैं। हालांकि, ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हैं और अधिक मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जाम के कारण अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बसों और अन्य वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजा गया। प्रशासन और पुलिस की टीम हालात को काबू में लाने में जुटी हुई है।