Bhoot Bangla: अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर साल 2026 की सबसे बड़ी बॉलीवुड हिट फिल्मों में अपनी जगह बना ली है। फिल्म की इस जबरदस्त सफलता के बाद निर्माता एकता कपूर ने निर्देशक प्रियदर्शन के लिए एक भावुक पोस्ट शेयर किया है।
एकता कपूर ने प्रियदर्शन को कहा धन्यवाद
एकता कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रियदर्शन के साथ कुछ तस्वीरें साझा कीं। पोस्ट में उन्होंने निर्देशक की जमकर तारीफ करते हुए लिखा कि उनके साथ काम करना बेहद खास अनुभव रहा। एकता कपूर ने लिखा- “मैं एक ऐसे इंसान के साथ काम कर रही थी जो अपनी 100वीं फिल्म बना रहे थे। दुनिया को उम्मीद थी कि जब दो मजबूत सोच वाले लोग साथ आएंगे तो कुछ बड़ा होगा। प्रियदर्शन सर के साथ काम करने से ज्यादा आनंद मुझे किसी और के साथ काम करके नहीं मिला।”
प्रियदर्शन के काम करने के तरीके की तारीफ
एकता कपूर ने अपने पोस्ट में प्रियदर्शन की प्रोफेशनल सोच का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि निर्देशक ने फिल्म शुरू करने से पहले उनसे सबसे अहम सवाल पूछा था कि क्या फिल्म से निर्माता को फायदा होगा। एकता ने लिखा “उन्होंने मुझसे सबसे पहले पूछा कि क्या मैं इस फिल्म से मुनाफा कमा रही हूं। उनका कहना था कि वे तब तक किसी फिल्म पर काम नहीं करते जब तक निर्माता को फायदा न हो।”
‘भूत बंगला’ बनी एकता कपूर के करियर की सबसे बड़ी हिट
एकता कपूर ने आगे लिखा कि काम के दौरान उनके और प्रियदर्शन के बीच कई बार मतभेद भी हुए, लेकिन हर बातचीत सम्मानजनक रही। उन्होंने निर्देशक को धन्यवाद देते हुए कहा कि ‘भूत बंगला’ उनके करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्म बन गई है। उन्होंने पोस्ट के आखिर में लिखा, “प्रियान सर, आपकी दूरदृष्टि, अनुशासन और मुझे मेरे करियर की सबसे बड़ी हिट देने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं बेहद आभारी हूं।”
फिल्म में नजर आए ये सितारे
‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार के अलावा तब्बू, परेश रावल, वामिका गब्बी, राजपाल यादव और मिथिला पालकर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली, जबकि क्रिटिक्स से इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया प्राप्त हुई।
अक्षय कुमार ने बनाया नया रिकॉर्ड
फिल्म की सफलता के साथ अक्षय कुमार ने एक नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। वे अब 100 करोड़ क्लब में 20 फिल्में देने वाले भारत के पहले अभिनेता बन गए हैं। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 200 करोड़ के पार पहुंच चुका है।