TIME Sports 100 List 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। दुनिया की प्रतिष्ठित मैगजीन TIME ने उन्हें अपनी "100 Most Influential People in Sports 2026" सूची में शामिल किया है। इस सूची में जगह बनाने वाली मंधाना एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं, जिसने भारतीय क्रिकेट और देश के खेल जगत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
महिला क्रिकेट की नई पहचान बनीं स्मृति मंधाना
स्मृति मंधाना पिछले कुछ वर्षों में भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रही हैं। उन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाजी से कई रिकॉर्ड बनाए हैं और भारतीय टीम को कई यादगार जीत दिलाई हैं। महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी करने वाली मंधाना के नाम अब तक 17 अंतरराष्ट्रीय शतक दर्ज हैं। इसके अलावा वह एक कैलेंडर वर्ष में 1000 से अधिक वनडे रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर भी हैं।
टीम की सफलता को देती हैं प्राथमिकता
TIME की रिपोर्ट के अनुसार, मंधाना व्यक्तिगत उपलब्धियों से ज्यादा टीम की सफलता को महत्व देती हैं। यही कारण है कि वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं। साल 2025 में भारत की विश्व कप विजेता टीम में उपकप्तान के रूप में उनकी भूमिका बेहद अहम रही थी। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को खिताब जीताने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आरसीबी को दिलाए दो WPL खिताब
स्मृति मंधाना की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2024 और 2026 का खिताब अपने नाम किया। उनकी कप्तानी और नेतृत्व क्षमता की खेल जगत में लगातार सराहना हो रही है।
TIME Sports 100 List 2026 के टॉप-10 नाम
लेब्रोन जेम्स – बास्केटबॉल
हिलेरी नाइट – आइस हॉकी
लियोनेल मेसी – फुटबॉल
एयलीन गू – फ्रीस्टाइल स्कीइंग
रॉजर गुडेल – अमेरिकन फुटबॉल एडमिनिस्ट्रेशन
इलिया मालिनिन – फिगर स्केटिंग
यानिक सिनर – टेनिस
एजा विल्सन – बास्केटबॉल
लैंडो नॉरिस – फॉर्मूला-1
शोहेई ओहतानी – बेसबॉल
लगातार दो साल तोड़ा अपना रिकॉर्ड
स्मृति मंधाना ने 2024 में एक कैलेंडर वर्ष में महिला क्रिकेट में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकॉर्ड स्थापित किया था। इसके बाद 2025 में उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर नई मिसाल कायम की। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें BBC Indian Sportswoman of the Year सम्मान भी मिल चुका है। TIME Magazine की इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होना उनके करियर की एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
भारतीय खेल जगत के लिए गर्व का क्षण
TIME Sports 100 List 2026 में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी के रूप में शामिल होकर स्मृति मंधाना ने साबित कर दिया है कि वह सिर्फ भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार नहीं, बल्कि विश्व खेल जगत की सबसे प्रभावशाली हस्तियों में से एक हैं। यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों की महिला खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।