उज्जैन : विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में आए दिन भक्त बड़ी संख्या में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आते है। इसी कड़ी में आज अभिनेता गुरमीत चौधरी और अभिनेत्री देबिना बैनर्जी भी बाबा के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे और विधि विधान से पूजा अर्चना कर महाकाल का आशीर्वाद लिया।
2 घंटे नंदी हॉल में बैठकर किए दर्शन
इस दौरान दोनों भस्म आरती में भी शामिल हुए और करीब 2 घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर बाबा का ध्यान लगाया। तो वही दर्शन के बाद मंदिर समिति द्वारा दोनों कलाकारों का स्वागत -सम्मान किया गया।
रात 1 बजे से दर्शन का इंतजार कर रहे थे
दर्शन के बाद अभिनेत्री देबिना बनर्जी ने कहा, “जय श्री महाकाल। आज हमें भस्म आरती देखने का मौका मिला। यहां जो कुछ भी देखने को मिला, वह बहुत ही अद्भुत था।” उन्होंने बताया कि सुबह 4 बजे होने वाली भस्म आरती के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। कई लोग रात 12 बजे से ही कतार में खड़े थे, जबकि वे खुद भी रात करीब 1 से 1:30 बजे से दर्शन के लिए इंतजार कर रहे थे।
देबिना ने कहा कि इतनी भीड़ होने के बावजूद पूरी व्यवस्था बेहद व्यवस्थित थी। दर्शन के बाद वे थकान महसूस करने के बजाय बेहद खुश हैं। उनके लिए यह अनुभव यादगार रहा।
गुरमीत बोले- यहां आकर मिलीं बहुत सारी ब्लेसिंग्स
अभिनेता गुरमीत चौधरी ने भी भगवान महाकाल के दर्शन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा और भगवान का आशीर्वाद मिला। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां की व्यवस्था बहुत अच्छी है।
गुरमीत ने श्रद्धालुओं से उज्जैन आकर भगवान महाकाल के दर्शन करने की अपील करते हुए कहा, “मैं सबसे यही गुजारिश करता हूं कि यहां नहीं आए तो आदमी कहीं नहीं गया।”