छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर से सड़क हादसे की दुखद खबर सामने आ रही है। जहां बीते दिन हुए एक्सीडेंट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। हादसा छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पास हुआ। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में आगे की जांच शुरू की।
शादी समारोह से अपने घर लौट रहा था मृतक
बताया जा रहा है कि मृतक रामकिशोर उर्फ बाबू कुशवाहा (26 वर्ष) शादी समारोह से अपने घर लौट रहा था। तभी मौसम का मिजाज बदला और तेज आंधी शुरू हो गई। जिसकी वजह से गाड़ी अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से जा टकराई। जिसकी वजह से अन्य गाड़ी में सवार कोमल कुशवाहा (25 वर्ष) और महेश कुशवाहा (32 वर्ष), निवासी ग्राम मौराहा, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हे तत्काल प्रभाव से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
तेज आंधी के चलते हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि कोमल और महेश खेत से लौट रहे थे, तभी तेज आंधी के चलते संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।