पन्ना : मध्य प्रदेश में पन्ना में शादी की खुशियां उस वक़्त मातम में बदल गई जब एक तेज रफ़्तार ट्रक ने बेटी का ‘लगुन’ लेकर आ रहे चाचा और फूफा को रौंद दिया। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना पवई-जगदीशपुर मार्ग की। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही आरोपी चालक की तलाश शुरू की।
8 मई को होनी थी मोना आदिवासी की शादी
बताया जा रहा है कि 8 मई को टेढ़ी मंझौली निवासी मोना आदिवासी की शादी होनी थी। ऐसे में शादी की रस्मों को पूरा करने के लिए 6 मई को परिवार के सदस्य ऑटो में सवार होकर जगदीशपुर गांव बेटी का ‘लगुन’ लेकर गए थे। जहां से पारंपरिक रस्म पूरी करने के बाद परिवार देर रात वापस अपने गांव लौट रहा था। इस दौरान तेज रफ़्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। जिसकी वजह से चाचा और फूफा की मौके पर मौत हो गई।
हादसे में ऑटो के उड़े परखच्चे
पुलिस ने मृतकों की पहचान फूफा संतु आदिवासी और चाचा खेतईया आदिवासी के रूप में की है। जबकि एक अन्य चाचा मंगल आदिवासी (32 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिनका इलाज जारी है। बता दें कि टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। जिस आंगन से कल बेटी की डोली उठनी थी, वहां से आज एक साथ दो अर्थियां उठीं, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।