भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक मंत्रालय में सम्पन्न हुई। जहां कई प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। जिसमें सबसे महत्वपूर्ण जबलपुर-इंदौर इंडस्ट्री कॉरिडोर का फैसला रहा। साथ ही 1 लाख करोड़ के निवेश और लाखों रोजगार का लक्ष्य भी तय किया गया। जिसकी जानकारी खुद सीएम मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए दी।
मार्च 2028 तक 1 लाख करोड़ का निवेश होगा
सीएम ने बताया कि मार्च 2028 तक इस क्षेत्र में एक लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना से शुरुआती चरण में तीन लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि पूरी अवधि में छह लाख रोजगार के अवसर विकसित करने का लक्ष्य है। जबलपुर और नरसिंहपुर क्षेत्र में उद्योग, पर्यटन, विमानन, खनन, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और फर्नीचर उद्योग की संभावनाओं को देखते हुए विकास की योजना बनाई जा रही है।
gis भोपाल में करने का लिया निर्णय
बैठक में भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि निवेश के साथ शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों के लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। सांदीपनि विद्यालयों में बस संचालन के लिए जिला कलेक्टरों को अधिकार देने, नए जिलों में महिला एवं बाल विकास कार्यालय खोलने और सिंचाई परियोजनाओं को जारी रखने जैसे फैसले भी लिए गए।