न्यूयॉर्क। अमेरिका में 9/11 आतंकी हमले की 25वीं बरसी से पहले न्यूयॉर्क में एक भावुक कर देने वाला ड्रोन शो आयोजित किया गया। न्यूयॉर्क हार्बर के ऊपर हजारों रोशनियों से सजे ड्रोन ने आसमान में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावर की आकृति बनाकर 9/11 हमले में जान गंवाने वाले 2,977 लोगों को श्रद्धांजलि दी। यह विशेष आयोजन 9 सितंबर की रात किया गया। आसमान में उड़ते ड्रोन पहले अलग-अलग आकृतियों में नजर आए और इसके बाद उन्होंने न्यूयॉर्क की स्काईलाइन के सामने ट्विन टावर का स्वरूप तैयार किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों को 25 साल पुरानी उस भयावह घटना की यादें फिर से ताजा हो गईं।
2,977 रोशनियों से बनाई गई श्रद्धांजलि
इस ड्रोन शो को “2,977 Lights Over New York” नाम दिया गया। कार्यक्रम में कुल 2,977 रोशनियों का इस्तेमाल किया गया और प्रत्येक रोशनी 9/11 हमले में मारे गए एक व्यक्ति की स्मृति को समर्पित थी। ड्रोन की रोशनियां पहले आसमान में घूमती हुई हेलिक्स जैसी आकृति बनाती हैं। इसके बाद धीरे-धीरे ये रोशनियां एक साथ मिलकर ट्विन टावर का आकार लेती हैं। न्यूयॉर्क की रात की स्काईलाइन के बीच उभरती यह आकृति लोगों के लिए भावुक कर देने वाला दृश्य बन गई।
पीड़ित परिवारों और बचावकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम की एक खास बात यह रही कि इसकी तैयारी में 9/11 पीड़ितों के परिवारों, हमले से बचे लोगों और फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स ने भी भाग लिया। आयोजकों का उद्देश्य केवल एक भव्य ड्रोन शो आयोजित करना नहीं था, बल्कि 9/11 में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना भी था। पीड़ित परिवारों के लिए आसमान में दिखाई गई हर रोशनी उनके किसी प्रियजन की याद से जुड़ी रही। न्यूयॉर्क में हर साल 11 सितंबर को 9/11 हमले के मृतकों को याद किया जाता है। इस बार 25वीं बरसी के मौके पर आयोजित यह विशेष कार्यक्रम स्मरण और श्रद्धांजलि का एक अलग माध्यम बन गया।
क्या हुआ था 11 सितंबर 2001 को?
11 सितंबर 2001 को अमेरिका पर हुए आतंकी हमले ने पूरी दुनिया को हिला दिया था। इस हमले में 19 आतंकियों ने चार यात्री विमानों का अपहरण किया था। इनमें से दो विमानों को न्यूयॉर्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावर से टकराया गया। तीसरा विमान वॉशिंगटन डीसी स्थित पेंटागन से जा टकराया, जबकि चौथा विमान पेंसिल्वेनिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इन हमलों में कुल 2,977 लोगों की जान गई थी। घटना के 25 साल बाद भी 9/11 अमेरिका और पूरी दुनिया के लिए एक बेहद दर्दनाक अध्याय बना हुआ है। न्यूयॉर्क हार्बर के ऊपर ड्रोन से बनाई गई ट्विन टावर की रोशन आकृति ने इसी इतिहास और उन हजारों लोगों की याद को एक बार फिर जीवंत कर दिया।