मंदसौर : मध्य प्रदेश के मंदसौर से सड़क हादसे की दुखद खबर सामने आ रही है। यहां दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर हुए एक्सीडेंट में 4 लोगों की दुखद मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे के आस पास की है। जिसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
सभी महाराष्ट्र के औरंगाबाद क्षेत्र के निवासी
सीतामऊ थाना पुलिस के मुताबिक, रेनॉल्ट ट्राइबर कार में छह लोग सवार होकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। तभी उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर ट्रैक में पीछे जा घुसी। जिसकी वजह से कार में सवार 6 में से 4 की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार में सवार लोग करीब एक घंटे तक वाहन में फंसे रहे। जिन्हे पुलिस ने राहगीरों की मदद से बाहर निकाला और तत्काल प्रभाव से अस्पताल में भर्ती करवाया।
हादसे में इनकी गई जान
पुलिस ने मृतकों में रवींद्र काले और सचिन गंगाधर गजभारे की पहचान की है। दोनों औरंगाबाद (महाराष्ट्र) के रहने वाले हैं। अन्य दो मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसा मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत तितरोद गांव के पास दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर हुआ।