मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के ग्राम कचनारा में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। यहां गोद भराई के कार्यक्रम में मावे के लड्डू खाने के बाद करीब 20 से 25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। जिन्हे तुरंत उपचार के लिए ग्राम नगरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां उनकी हालत फ़िलहाल स्थिर बताई जा रही है।
5 मरीज जिला अस्पताल रेफर
मामला दलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम कचनारा का है। जहां गुरुवार दोपहर खाना खाने के बाद कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी, दस्त और घबराहट की शिकायत होने लगी थी। फ़िलहाल सभी प्रभावित लोगों को उपचार के लिए ग्राम नगरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। तो वही पांच लोगों की हालत अधिक प्रभावित होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सभी की हालत फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर
इधर, मामले की जानकारी देते हुए बीएमओ डा. अभिषेक जैन ने बताया कि सभी मरीजों में फूड पाइजनिंग के लक्षण हैं, सभी को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और सभी की हालत फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर है। एहतियात के तौर पर अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टर और स्टाफ तैनात किया गया है। वहीं प्रशासन ने कार्यक्रम में बने भोजन के सैंपल को जांच के लिए एकत्र कर लिया है, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही फूड पाइजनिंग के सही कारणों का पता चल सकेगा।