बालाघाट : बालाघाट जिले के सालेटेकरी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। सड़क दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पर करीब 20 से 25 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया। हमले में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
24 नवंबर रात की घटना
जानकारी के अनुसार 24 नवंबर की रात ग्राम कचनारी से पुलिस को सूचना मिली थी कि अचानकपुर और कचनारी के बीच खड़े ट्रक में एक बाइक सवार जा घुसा, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची सालेटेकरी पुलिस पर वहां मौजूद कुछ नशेड़ियों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक तोमेस बघेल गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं विशेष सहयोगी दस्ता के संदीप मेरावी और पीयूष रनकुहे को भी चोटें आई हैं। तीनों घायलों को बिरसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद सालेटेकरी पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी धरपकड़ में जुट गई है। मंडई मेले के आयोजन के कुछ लोगों की मौजूदगी की जानकारी भी सामने आई है। वारदात रात करीब 11 बजे के आस पास की है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानें मामला
दरअसल, छत्तीसगढ़ के साल्हेवारा निवासी ठुमेंद्र पिता रामचंद्र पांचे (26) अपने बेटे के नामकरण का कार्ड देने अचानकपुर (बिरसा) आए थे। लौटते समय अचानकपुर और कचनारी के बीच सड़क पर खड़े ट्रक से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। हादसे में ठुमेंद्र की मौके पर मौत हो गई।
लोग ट्रक के क्लीनर की पिटाई कर रहे थे
घटनास्थल के पास एक गांव में मड़ई-मेला लगा था। हादसे की जानकारी मिलने पर वहां से कुछ लोग घटनास्थल पहुंचे। स्थानीय लोगों ने सालेटेकरी पुलिस चौकी को हादसे की सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब कुछ लोग ट्रक के क्लीनर की पिटाई कर रहे थे। पुलिस ने भीड़ से क्लीनर को छुड़ाया अस्पताल भिजवाया।
पुलिस पर ट्रक चालक को भगाने का आरोप
इसी दौरान वहां मौजूद लोग ट्रक चालक को बुलाने की मांग पर अड़ गए और पुलिस से बहस करने लगे। इसी बीच भीड़ ने आरक्षक तोमेश और एसएसयू के संदीप व पीयूष से हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। लोग पुलिस पर ट्रक चालक को भगाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौच कर रहे थे।