भोपाल : मध्य प्रदेश को प्रदुषण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन द्वारा जल्द ही शहरों में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। जिसकी शुरुआत इंदौर से होगी। यह बसें शहर के 8 रूटों पर चलेगी। जिसके लिए बसों की पहली खेप जल्द ही इंदौर पहुंचने वाली है। तो वही राजधानी भोपाल में भी एसी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन 15 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। जिसक लिए शहर के 10 प्रमुख रूटों को बसों के संचालन के लिए चुना गया है।
4 जुलाई तक भोपाल पहुंच जाएंगी बसें
ये बसें 4 जुलाई तक भोपाल पहुंच जाएंगी। खास बात यह है कि इनका संचालन केवल नगर निगम सीमा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मंडीदीप, सीहोर और औबेदुल्लागंज जैसे आसपास के क्षेत्रों तक भी किया जाएगा, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
‘चलो’ ऐप से मिलेगी लाइव लोकेशन
नई ई-बसों में शुरुआती 1.5 किलोमीटर तक की यात्रा मात्र 2 रुपये में की जा सकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ‘चलो’ मोबाइल ऐप भी उपलब्ध रहेगा, जिसके माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुकिंग के साथ बसों की लाइव लोकेशन देखी जा सकेगी। इससे यात्रियों का इंतजार कम होगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।
MP के इन शहरों में चलेंगी 582 ई-बसें
सरकार की योजना के अनुसार, वर्ष के अंत तक भोपाल के बेड़े में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हो जाएंगी, जबकि अगले वर्ष 140 और बसें जोड़ी जाएंगी। सबसे लंबा रूट सीहोर से रातापानी तक करीब 68.5 किलोमीटर का होगा। इसी योजना के तहत इंदौर, जबलपुर सहित प्रदेश के अन्य शहरों में भी चरणबद्ध तरीके से कुल 582 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा।