होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

कपड़ों के ढेर में छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, महासमुंद-धमतरी में पुलिस ने पकड़ा बड़ा नेटवर्क

कपड़ों के ढेर में छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, महासमुंद-धमतरी में पुलिस ने पकड़ा बड़ा नेटवर्क

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर रेंज पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिलों में संयुक्त अभियान चलाकर 378.060 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 12 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 89 लाख 03 हजार रुपये बताई गई है, जबकि कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ 98 लाख 05 हजार रुपये आंकी गई है।

कपड़ा फेरीवालों के भेष में कर रहे थे गांजा तस्करी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को सड़क किनारे कपड़ा बेचने वाला फेरीवाला बताकर गांजा की तस्करी कर रहे थे। तस्करों ने मोटरसाइकिलों की पिछली सीट पर लोहे का विशेष जालीदार कम्पार्टमेंट बनवाया था, जिसके ऊपर कपड़ों का ढेर रखा जाता था। बाहर से देखने पर यह सामान्य कपड़ा विक्रेताओं जैसा दिखाई देता था, लेकिन भीतर भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह गांजा ओडिशा के बालिगुड़ा और रायगढ़ा क्षेत्र से लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की तैयारी थी।

महासमुंद पुलिस ने पकड़ा बड़ा नेटवर्क

महासमुंद जिले में थाना बसना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पांच मोटरसाइकिलों को रोका। तलाशी लेने पर 215 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। सभी आरोपी कपड़ा फेरीवालों के रूप में यात्रा कर रहे थे। इसके अलावा थाना कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाका पर कार्रवाई करते हुए होंडा साइन बाइक से 9 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया। एक अन्य प्रकरण में 23 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। महासमुंद जिले में कुल 247 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 23 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

धमतरी में 131 किलो गांजा बरामद

धमतरी जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान तीन मोटरसाइकिलों से 131.005 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश की ओर जा रहे थे। सभी बाइक सवार कपड़ा फेरीवालों की तरह दिख रहे थे और मोटरसाइकिलों में विशेष कम्पार्टमेंट बनाकर गांजा छिपाया गया था।

पहले भी कई नए तरीकों का खुलासा कर चुकी है पुलिस

रायपुर रेंज पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी एम्बुलेंस, केला परिवहन, मूवर्स एंड पैकर्स, ऑटो, बस ट्रेवल्स और ट्रेन के जरिए गांजा तस्करी के मामलों का खुलासा किया जा चुका है। अब तस्करों ने कपड़ा फेरीवालों का नया तरीका अपनाया था, जिसे पुलिस ने तकनीकी सूचना और सतर्क निगरानी के चलते विफल कर दिया। 

जब्त संपत्ति का विवरण

संपत्ति में कुल 378.060 किलोग्राम गांजा जब्त , गांजा की अनुमानित कीमत 1.89 करोड़ रुपये, जब्त वाहन 11 मोटरसाइकिलें, मोबाइल फोन 9, अन्य सामग्री लोहे के जालीदार कम्पार्टमेंट, कुल जब्त संपत्ति 1.98 करोड़ रुपये और  गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश के लोग भी शामिल हैं, पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस का बयान

रायपुर रेंज पुलिस का कहना है कि ओडिशा सीमा से लगे इलाकों में लगातार नाकेबंदी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। तस्कर चाहे जितने नए तरीके अपनाएं, पुलिस हर नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार निगरानी और तकनीकी सहायता का उपयोग कर रही है।


संबंधित समाचार