जशपुर जिले में एक माह के नवजात बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है, जिसमें सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटना के बाद परिवार में खुशी का माहौल है, जबकि आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इलाज के दौरान हुई थी आरोपी से मुलाकात
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि बगीचा थाना क्षेत्र के मरंगीपाठ गांव की रहने वाली एक पहाड़ी कोरवा महिला अपने एक माह के बच्चे का इलाज कराने जिला अस्पताल जशपुर पहुंची थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई। आरोपी ने झाड़-फूंक के जरिए बच्चे को ठीक करने का दावा कर परिवार का भरोसा जीत लिया।
बस स्टैंड और होटल में रची गई साजिश
परिजनों का विश्वास हासिल करने के बाद आरोपी महिला उन्हें जशपुर बस स्टैंड ले गई। वहां उसने परिवार को हड़िया पिलाई और बाद में एक होटल में भोजन कराने पहुंची। इसी दौरान जब बच्चे के माता-पिता खाने में व्यस्त थे, तब आरोपी महिला मासूम को लेकर वहां से फरार हो गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग
बच्चे के अचानक लापता होने से परिवार घबरा गया और काफी तलाश के बाद सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
बगीचा से गिरफ्तारी, मासूम सुरक्षित बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला को बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक माह के मासूम बच्चे को सकुशल बरामद किया गया। बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।