होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

उत्तराखंड में मौसम का कहर, केदारनाथ यात्रा थमी; यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया...

उत्तराखंड में मौसम का कहर, केदारनाथ यात्रा थमी; यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया...

देहरादून/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार बिगड़ते मौसम के बीच केदारनाथ धाम की यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है। मौसम विभाग द्वारा रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की संभावना जताने के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। रुद्रप्रयाग जिले में देर रात से लगातार बारिश जारी है। मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से निर्देश जारी करते हुए केदारनाथ पैदल मार्ग पर मौजूद यात्रियों को निकटतम होल्डिंग क्षेत्रों और सुरक्षित स्थानों पर रोकने के आदेश दिए हैं।

मौसम सामान्य होने तक नहीं मिलेगी आगे बढ़ने की अनुमति

प्रशासन ने सभी सेक्टर अधिकारियों, पुलिस प्रभारियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी श्रद्धालु को यात्रा मार्ग पर आगे न बढ़ने दिया जाए। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराकर उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।

आपदा प्रबंधन एजेंसियां अलर्ट मोड पर

संभावित आपदा को देखते हुए DDRF, SDRF, NDRF, पुलिस और अन्य विभागों की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने भूस्खलन, सड़क अवरोध, दुर्घटना या किसी भी आपात स्थिति की तत्काल सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को देने के निर्देश दिए हैं। आपातकालीन सहायता के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 8958757335, 8218326386 और 112 जारी किए हैं।

यात्रियों से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन ने केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और मौसम सामान्य होने तक धैर्य बनाए रखें। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उधर, पौड़ी पुलिस ने भी केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले यात्रियों को फिलहाल आगे बढ़ने से रोक दिया है। श्रद्धालुओं को निकटतम होल्डिंग क्षेत्रों में ठहराया जा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक क्षेत्र में बारिश और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है। ऐसे में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


संबंधित समाचार