
कुश अग्रवाल//बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव सोमवार को बलौदाबाजार पहुंचे। स्थानीय सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा और बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे भी मौजूद रहीं।
पूर्व विधायक की माता को दिए श्रधांजलि :
टी.एस सिंहदेव बलौदाबाजार की पूर्व विधायक शकुंतला साहू के निवास पर उनकी माता के निधन पर संवेदना व्यक्त करने पहुँचे थे। प्रवास के दौरान सिंहदेव ने प्रदेशभर में चल रही ‘संविधान बचाओ रैली’ की तैयारियों को लेकर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। उन्होंने बताया कि, यह रैली प्रदेश के हर जिले और संभाग में आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनजागरण करना है।
सभी नेताओं को दी गई है जिम्मेदारी:
मीडिया ने कहा कि, संविधान बचाओ यात्रा में प्रदेश भर में नेताओं के द्वारा अलग-अलग रैली निकाली जा रही है। इस पर टी.एस सिंहदेव ने कहा कि, इस यात्रा के लिए समय बहुत ही सीमित है। केवल 40 दिनों में पूरे प्रदेश के सभी जिलों और संभागों को कवर करना है। इसलिए प्रत्येक स्थान पर सभी नेताओं का पहुँचना संभव नहीं है। इसी कारण प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सभी नेताओं को अलग-अलग ज़िम्मेदारियाँ सौंपी हैं ताकि अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो सके।
सुशासन तिहार केवल औपचारिकता:
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार कार्यक्रम को लेकर टी.एस सिंहदेव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिकता बनकर रह गया है। इससे आम जनता को कोई ठोस लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि, सरकार कहती है कि शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण हो गया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया जाता कि निराकरण क्या और कैसे हुआ। यदि भारतीय जनता पार्टी वास्तव में सुशासन में विश्वास करती है, तो उन्हें सुशासन तिहार केवल एक महीने तक नहीं, पूरे वर्षभर मनाना चाहिए।