होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Dabra Accident : ट्रक ने कार को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, बाल-बाल बचे

Dabra Accident : ट्रक ने कार को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, बाल-बाल बचे

राजेश सोनी, डबरा : डबरा-ग्वालियर हाईवे पर शनिवार शाम एक सनसनीखेज हादसा सामने आया। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने नेक्सॉन कार को टक्कर मार दी और उसे करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटता रहा। हैरानी की बात यह रही कि कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित बच गए।

ट्रक के अगले हिस्से में फंसी कार

घटना टेकनपुर सीमा से बाहर बझेरा गांव की पुलिया के पास हुई। ट्रक (RJ 11 GC 2456) डबरा से ग्वालियर की ओर जा रहा था, तभी उसने नेक्सॉन कार (MP 07 ZG 9779) को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे डिफेंस पार्क के सामने तक घसीटते हुए ले गया।

भीड़ ने की चालक की पिटाई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राहगीर लगातार चिल्लाकर ट्रक चालक को रोकने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह नहीं रुका। आगे जाकर चालक ने कार को छोड़कर ट्रक भगाने की कोशिश की। हालांकि लोगों ने पीछा कर ट्रक को बिलौआ हाईवे के पास रोक लिया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने चालक की पिटाई भी कर दी।

कार में सवार थे एसएएफ अधिकारी

बताया जा रहा है कि कार में एसएएफ के एक अधिकारी सवार थे, जो ओरछा से लौट रहे थे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार चालक ट्रक को रोकने के लिए हाथ पटकते नजर आ रहा है। वीडियो में ट्रक को लहराते हुए कार को घसीटते देखा जा सकता है। बाद में ट्रक चालक ने कार को एक खंती की ओर छोड़ दिया।

चमत्कार से कम नहीं...

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी सेबू गुर्जर ने बताया कि हादसा देखते ही वे अपनी बाइक से ट्रक के पीछे लगे और लगातार रुकने का इशारा करते रहे, लेकिन चालक नहीं रुका। बाद में लोगों की मदद से कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद किसी को गंभीर चोट नहीं आई, यह किसी चमत्कार से कम नहीं है।

मामले में अबतक शिकायत दर्ज नहीं

मामले में आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा। ट्रक को बिलौआ क्षेत्र में रोक लिया गया है।


संबंधित समाचार