भोपाल : मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी की टीईटी के लिए आवेदन करने की लास्ट डेट 5 अक्टूबर है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है वो जल्द ही अप्लाई करे। पहले आवेदन की अंतिम तारीख 18 सितंबर निर्धारित की गई थी। आवेदन प्रक्रिया 21 अगस्त से शुरू हुई थी।
12 अक्टूबर 2026 से शुरू होनी थी परीक्षा
इतना ही नहीं पहले परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होनी थी। लेकिन 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा होने के कारण शेड्यूल में बदलाव किया गया है। अब परीक्षा दिसंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में आयोजित करवाने की संभावना है।
ऑफलाइन मोड में होगी परीक्षा
परीक्षा का आयोजन मध्य प्रदेश बोर्ड द्वारा ऑफलाइन मोड में किया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन कर्मचारी चयन मंडल के पोर्टल के माध्यम से करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
शिक्षा विभाग की गाइडलाइन के मुताबिक, RTE के प्रावधानों के तहत TET उत्तीर्ण करना आवश्यक होगा। प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर कार्यरत सरकारी स्कूलों के शिक्षक इसके दायरे में आएंगे। अशासकीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षक भी TET परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। हालांकि, जिन शिक्षकों ने CTET पहले ही उत्तीर्ण कर लिया है, उन्हें दोबारा राज्य TET परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं होगी। इस व्यवस्था से प्रदेश में बड़ी संख्या में कार्यरत शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
दिशा-निर्देश जारी करने की मांग
परीक्षा केंद्र सामान्यतः शिक्षक के कार्यरत जिले में निर्धारित किया जाएगा। पांढुर्ना और मऊगंज के शिक्षकों के लिए पुराने जिले में केंद्र की व्यवस्था रहेगी। कम संख्या में परीक्षार्थी होने पर दूसरे जिले में भी केंद्र आवंटित किया जा सकता है। शिक्षक संगठनों की ओर से लंबे समय से TET को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की जा रही थी।
TET अनिवार्यता क्यों जरूरी
दरअसल, शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लागू हुई है। अदालत ने पात्रता परीक्षा को लेकर सेवारत शिक्षकों के लिए भी व्यवस्था स्पष्ट की है। मध्यप्रदेश में संबंधित शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण करने की समयसीमा दी गई है। इस अवधि में प्रदेश में कुल छह पात्रता परीक्षाएं आयोजित होंगी।