होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

फाइव स्टार होटल की रसोई में कॉकरोच और खराब खाना, FSSAI ने निलंबित किया लाइसेंस

फाइव स्टार होटल की रसोई में कॉकरोच और खराब खाना, FSSAI ने निलंबित किया लाइसेंस

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निरीक्षण में एक चर्चित फाइव स्टार होटल की रसोई और खाद्य भंडारण व्यवस्था में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद M/s Seven Seas Hospitality Pvt. Ltd. का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान होटल परिसर में साफ-सफाई की खराब स्थिति, खाद्य पदार्थों पर फंगस, खराब भोजन, दूषित कुकिंग ऑयल और कॉकरोच-मक्खियों की मौजूदगी जैसी कमियां सामने आईं। जांच में खाद्य सुरक्षा और सैनिटेशन से जुड़े कई निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाया गया।

निरीक्षण में क्या-क्या खामियां मिलीं?

FSSAI की जांच के दौरान खाना तैयार करने वाले क्षेत्रों में पानी जमा होने की स्थिति सामने आई। परिसर में दुर्गंध, गंदगी और हाउसकीपिंग से जुड़ी कमियां भी पाई गईं। इसके अलावा कुछ खाद्य पदार्थ खराब हालत में मिले। निरीक्षण के दौरान टमाटर, पपीता, गुड़ और काजू पर फंगस पाया गया, जबकि शिमला मिर्च खराब स्थिति में मिली। जांच टीम को इस्तेमाल किए जा रहे कुकिंग ऑयल की गुणवत्ता को लेकर भी आपत्तिजनक स्थिति मिली।

खाने के स्टोरेज में भी मिली गड़बड़ी

खाद्य पदार्थों के भंडारण को लेकर भी नियमों का पालन नहीं किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, मांसाहारी और शाकाहारी खाद्य पदार्थों को पर्याप्त रूप से अलग नहीं रखा गया था। कोल्ड स्टोरेज यूनिट से निकलने वाला कंडेनसेशन पानी खाद्य सामग्री पर गिरता हुआ पाया गया। इसके अलावा रेफ्रिजरेशन लीकेज, पर्याप्त वेंटिलेशन और रोशनी की कमी जैसी समस्याएं भी निरीक्षण में सामने आईं।

परिसर में मिले कॉकरोच और मक्खियां

खाद्य सुरक्षा जांच के दौरान होटल परिसर में कॉकरोच और मक्खियां भी पाई गईं। FSSAI ने इसे स्वच्छता और सैनिटेशन के लिहाज से गंभीर कमी माना। कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।

74 किलो/लीटर खाद्य सामग्री नष्ट

जांच के दौरान करीब 74 किलोग्राम/लीटर ऐसी खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट किया गया, जिसे निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। FSSAI के आकलन में संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटर को सिर्फ 30 प्रतिशत कंप्लायंस स्कोर मिला। इसके आधार पर प्रतिष्ठान को 'Non-Compliant' श्रेणी में रखा गया।

लाइसेंस निलंबित, खाद्य कारोबार बंद रखने का निर्देश

निरीक्षण में सामने आई कमियों को देखते हुए FSSAI ने M/s Seven Seas Hospitality Pvt. Ltd. का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन की अवधि के दौरान कंपनी को खाद्य कारोबार से जुड़ी गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया गया है। यह कार्रवाई मुख्य रूप से होटल परिसर में हाइजीन, सैनिटेशन, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े नियमों के उल्लंघन के आधार पर की गई है।


संबंधित समाचार