रायपुर: प्रदेश में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सुशासन तिहार 2026 की शुरुआत आज 1 मई से हो गई है। इस राज्यव्यापी अभियान के तहत 10 जून तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां लोगों की शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा। राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जन शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और सरल प्रशासन ही सुशासन की पहचान है।
पहले चरण में लंबित मामलों पर फोकस
अभियान के प्रारंभिक चरण में प्रशासन को 30 अप्रैल तक सभी लंबित मामलों के निराकरण के निर्देश दिए गए थे। इसमें प्रमुख रूप से शामिल हैं।नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरण के तहत मनरेगा मजदूरी का भुगतान, हितग्राही योजनाओं की लंबित राशि, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, बिजली, ट्रांसफार्मर और पेयजल (हैंडपंप) से जुड़ी समस्याएं, इसके साथ ही पात्र लोगों को उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत और सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
प्रदेशभर में लगेंगे समाधान शिविर
सुशासन तिहार के तहत 1 मई से 10 जून तक शिविर आयोजित किए जाएंगे, ग्रामीण क्षेत्रों में 15–20 ग्राम पंचायतों के समूह में शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर मौके पर ही आवेदन और समाधान करेंगे, अधिकतम एक माह में शिकायतों का निपटारा भी करेंगे, शिविरों में योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदकों को उनके आवेदन की स्थिति भी बताई जाएगी।
जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी
इस अभियान में मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी लगातार शिविरों का निरीक्षण करेंगे। आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा जाएगा और मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
CM साय करेंगे औचक निरीक्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं जिलों का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे, हितग्राहियों से फीडबैक और समीक्षा बैठकें आयोजित करेंगे, उनका हेलिकॉप्टर किसी भी जिले में अचानक उतर सकता है, जिससे प्रशासन में सतर्कता बढ़ गई है।
जन आंदोलन का रूप देने की तैयारी
सरकार ने इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। जनसम्पर्क विभाग डिजिटल, प्रिंट और स्थानीय माध्यमों के जरिए इसका प्रचार-प्रसार करेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल का लाभ उठा सकें।