होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Hemant Khandelwal : फूलसिंह बरैया के बयान पर प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल का हमला 

Hemant Khandelwal : फूलसिंह बरैया के बयान पर प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल का हमला 

अरूण कुमार, बैतूल : कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए बयान को बेहद शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां न सिर्फ महिलाओं का अपमान हैं, बल्कि कांग्रेस की सोच को भी उजागर करती हैं।

राहुल गांधी पर उठाए सवाल

प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि इंदौर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, विधायक फूलसिंह बरैया से दूरी बनाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने उन्हें अपने साथ रखकर यह साफ कर दिया कि कांग्रेस ऐसे बयानों को लेकर गंभीर नहीं है। खंडेलवाल ने कहा कि यह कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।

माचना नदी पर नए ब्रिज का भूमिपूजन

हेमंत खंडेलवाल बैतूल-इंदौर स्टेट हाईवे पर माचना नदी पर बनने वाले नए पुल के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह नया पुल फोरलेन होगा। वर्तमान में मौजूद लगभग 150 साल पुराना पुल बारिश के मौसम में हर साल जलमग्न हो जाता है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है।

यातायात होगा सुगम

नए पुल के निर्माण से बैतूल से इंदौर और महाराष्ट्र की ओर जाने वाला यातायात निर्बाध रहेगा। इससे न सिर्फ स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार और आवागमन भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।

नगरपालिका कर्मचारियों के वेतन पर आश्वासन

कार्यक्रम के दौरान बैतूल नगरपालिका कर्मचारियों के वेतन संकट का मुद्दा भी उठा। बताया गया कि पिछले चार महीनों से कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है, जबकि ठेकेदारों के बिलों का भुगतान किया जा रहा है। इस स्थिति को लेकर कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आश्वासन दिया कि अगले महीने से सबसे पहले नगरपालिका कर्मचारियों का वेतन जारी किया जाएगा और उसके बाद ही अन्य विकास कार्यों के भुगतान किए जाएंगे।


संबंधित समाचार