होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ पहुंचते ही स्मृति ईरानी का सख्त संदेश, BJP कार्यालय में बिना बुलाए आने वालों को दी नसीहत

छत्तीसगढ़ पहुंचते ही स्मृति ईरानी का सख्त संदेश, BJP कार्यालय में बिना बुलाए आने वालों को दी नसीहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी बनने के बाद अपने पहले दौरे पर पहुंचीं भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासन का स्पष्ट संदेश दिया है। रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय में उन्होंने कहा कि बैठक के लिए जिन लोगों को आमंत्रित किया गया है, केवल वही कार्यालय में मौजूद रहें। बिना बुलावे या किसी आवश्यक काम के कार्यालय पहुंचने से बचने की हिदायत भी दी गई।

स्मृति ईरानी के इस संदेश को प्रदेश में संगठनात्मक अनुशासन और पार्टी की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है। अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगी।

भाजपा नेताओं के साथ जमीन पर बैठकर सुनी 'मन की बात'

रायपुर पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी भाजपा कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और अन्य पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को सुना।

इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता और आम लोग भी मौजूद रहे। स्मृति ईरानी सहित कई नेताओं ने जमीन पर बैठकर कार्यक्रम सुना। इसके बाद प्रदेश संगठन से जुड़े मुद्दों पर बैठकों का सिलसिला शुरू होना है।

दो दिवसीय दौरे में संगठन की नब्ज टटोलेंगी स्मृति ईरानी

प्रदेश प्रभारी के रूप में स्मृति ईरानी का यह दौरा भाजपा संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रवास के दौरान वह प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग और जिला स्तर के नेताओं के साथ चर्चा कर संगठन की स्थिति की समीक्षा करेंगी। साथ ही पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

सुबह 11:30 बजे से संगठनात्मक बैठकों का दौर

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी। इसमें संगठन के कामकाज और आगामी गतिविधियों से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।

इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति और आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।

जिला अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ भी होगी बैठक

दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक संगठनात्मक समन्वय और कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी।

इसके बाद शाम 3:30 बजे से 5 बजे तक पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ बैठक होगी। शाम 5:30 बजे से 7 बजे तक पार्टी के पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद का कार्यक्रम रखा गया है।

शाम को भाजपा कोर ग्रुप के साथ अहम बैठक

दिनभर की बैठकों के बाद शाम 7 बजे से रात 8:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। प्रदेश में संगठन की स्थिति, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और पार्टी की रणनीति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

स्मृति ईरानी का यह दौरा ऐसे समय में अहम है, जब भाजपा प्रदेश संगठन के विभिन्न स्तरों पर समन्वय और आगामी कार्ययोजना को लेकर बैठकों के माध्यम से समीक्षा कर रही है।


संबंधित समाचार