गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित बीजापाल गांव में निर्माणाधीन पुल पर कार्य कर रहे 14 मजदूर बगनई नदी के तेज बहाव के कारण बीच धारा में फंस गए। लगातार हो रही बारिश से नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के बाद मजदूरों के सामने जान बचाने का संकट खड़ा हो गया। स्थिति गंभीर होने पर सभी मजदूरों ने नदी किनारे मौजूद एक पेड़ पर चढ़कर पूरी रात गुजारी।
सुबह शुरू हुआ संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। हालांकि रात के समय नदी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण बचाव अभियान शुरू करना संभव नहीं था। सुबह होते ही गरियाबंद और महासमुंद जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने सभी 14 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए श्रमिकों में 10 पुरुष और 4 महिला मजदूर शामिल हैं। सभी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मौके पर मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
रेस्क्यू अभियान के दौरान गरियाबंद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारी, थाना प्रभारी तथा ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे अभियान की लगातार निगरानी की और बचाव दल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
मजदूरों के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों को तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।