रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार है। इस बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम अक्टूबर 2026 में जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ टी20 सीरीज के मुकाबले खेलेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार को भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच होने वाली 6 मैचों की बाइलेटरल सीरीज का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया। इस सीरीज में 3 टी20 और 3 वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। खास बात यह है कि तीनों टी20 मुकाबले रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे। वहीं वनडे सीरीज के सभी मैच बड़ौदा में खेले जाएंगे।
पहली बार भारत दौरे पर आएगी जिम्बाब्वे महिला टीम
जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम पहली बार भारत दौरे पर आ रही है। इसके साथ ही यह भी पहली बार होगा जब भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमें किसी बाइलेटरल इंटरनेशनल सीरीज में आमने-सामने होंगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच मुकाबले केवल आईसीसी टूर्नामेंट और क्वालिफायर इवेंट्स तक सीमित रहे हैं। भारतीय महिला टीम ने भी अब तक जिम्बाब्वे का दौरा नहीं किया है। ऐसे में यह सीरीज महिला क्रिकेट के लिहाज से एक नई शुरुआत मानी जा रही है।
रायपुर में पहली बार महिला टीम खेलेगी इंटरनेशनल मैच
रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह सीरीज बेहद खास रहने वाली है, क्योंकि पहली बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम यहां कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने उतरेगी। इससे पहले शहीद वीरनारायण सिंह स्टेडियम में आईपीएल और पुरुष टीम के कई मुकाबले आयोजित हो चुके हैं। महिला क्रिकेट की लोकप्रियता को बढ़ावा देने के लिए बीसीसीआई लगातार नए शहरों में इंटरनेशनल मुकाबलों का आयोजन कर रहा है। रायपुर को मिली यह मेजबानी छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
2027 महिला टी20 चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी
आगामी आईसीसी महिला टूर्नामेंट्स को देखते हुए यह सीरीज काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्ष 2027 में श्रीलंका में महिला टी20 चैंपियंस ट्रॉफी आयोजित होनी है। ऐसे में भारतीय टीम ज्यादा से ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलकर अपनी तैयारियों को मजबूत करना चाहती है। बीसीसीआई भी खिलाड़ियों को बेहतर मैच प्रैक्टिस देने के लिए लगातार बाइलेटरल सीरीज आयोजित कर रहा है।
भारत बनाम जिम्बाब्वे महिला टी20 सीरीज शेड्यूल
टी20 सीरीज – रायपुर
पहला टी20 – 16 अक्टूबर 2026
दूसरा टी20 – 18 अक्टूबर 2026
तीसरा टी20 – 20 अक्टूबर 2026
वनडे सीरीज – बड़ौदा
पहला वनडे – 23 अक्टूबर 2026
दूसरा वनडे – 25 अक्टूबर 2026
तीसरा वनडे – 28 अक्टूबर 2026
क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह
रायपुर में महिला क्रिकेट के इंटरनेशनल मुकाबलों की घोषणा के बाद क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उम्मीद की जा रही है कि बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचकर भारतीय महिला टीम का समर्थन करेंगे।