होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रायपुर में ज्वेलरी शोरूम लूट की साजिश नाकाम, दिल्ली-बिहार के तीन युवक हथियारों के साथ गिरफ्तार

रायपुर में ज्वेलरी शोरूम लूट की साजिश नाकाम, दिल्ली-बिहार के तीन युवक हथियारों के साथ गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम में संभावित डकैती की साजिश का खुलासा किया है। पुलिस ने दिल्ली और बिहार के तीन युवकों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी पंडरी स्थित एक ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाने की तैयारी में थे, लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान गुढ़ियारी थाना पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे कुछ युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

हथियार और अन्य सामान बरामद

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद हुई। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी राजधानी के एक ज्वेलरी प्रतिष्ठान में डकैती की योजना बनाकर रायपुर आए थे।

पहले ही कर चुके थे रेकी

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कुछ महीने पहले ज्वेलरी शोरूम की रेकी की थी। इस दौरान दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आने-जाने के रास्ते और आसपास की गतिविधियों का निरीक्षण किया गया था। पुलिस के अनुसार इस जानकारी को मोबाइल के माध्यम से अन्य साथियों के साथ साझा किया गया और उसके बाद पूरी योजना तैयार की गई।

तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

गुढ़ियारी थाना पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश के साथ हथियारों की सप्लाई और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

दिल्ली और बिहार के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा (19) और सुशांत कुमार पासवान (19) निवासी दिल्ली तथा मयंक सिंह (19) निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

आंदोलन से जुड़े होने की भी जांच

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपी दिल्ली में हुए एक आंदोलन में सक्रिय रहे थे। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी अलग से जांच कर रही है और फिलहाल पूरे मामले की विवेचना जारी है।

समय रहते टली बड़ी वारदात

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई के कारण राजधानी में संभावित बड़ी डकैती को रोका जा सका। अब फरार साथियों की गिरफ्तारी और पूरे षड्यंत्र का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।


संबंधित समाचार