होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, शहीद का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस में 4 की मौत

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, शहीद का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस में 4 की मौत

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां चंडीगढ़ में तैनात सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर उनके पैतृक गांव देवरिया जा रही एंबुलेंस दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार चार लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास हलियापुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के करीब 79.6 किलोमीटर पर हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस की एक अज्ञात वाहन से टक्कर हुई, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।

शहीद सूबेदार मेजर का पार्थिव शरीर ले जा रही थी एंबुलेंस

सूबेदार मेजर सत्यवान चंडीगढ़ में तैनात थे। वह देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के गलिया दुधैला गांव के रहने वाले बताए गए हैं। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस के जरिए उनके पैतृक गांव ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस में उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। इनमें भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और बेटे गौरव सिंह शामिल थे। एंबुलेंस को जसपाल चला रहे थे।

टक्कर के बाद ट्रक में जा घुसी एंबुलेंस

पुलिस के अनुसार, सुबह के समय एंबुलेंस जब हलियापुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी एक अज्ञात वाहन से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में गौरव सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा।

इलाज के दौरान दो घायलों ने भी दम तोड़ा

हादसे में घायल राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को अयोध्या के कुमारगंज स्थित सैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस तरह दुर्घटना में मरने वालों की संख्या चार हो गई। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब उस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है, जिसकी टक्कर के बाद यह दुर्घटना हुई। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सूबेदार मेजर सत्यवान के पार्थिव शरीर को थाना परिसर में ससम्मान सुरक्षित रखा गया है।

मुख्यमंत्री योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

सुल्तानपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा मौके पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।


संबंधित समाचार