होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

AAP को बड़ा झटका, दो विधायकों ने दिया इस्तीफा, BJP में जाने की अटकलें तेज

AAP को बड़ा झटका, दो विधायकों ने दिया इस्तीफा, BJP में जाने की अटकलें तेज

पंजाब की राजनीति में बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी (AAP) को पटियाला जिले में बड़ा झटका लगा है। यहां पार्टी के दो विधायकों ने एक साथ प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। इस्तीफा देने वालों में सनौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना से विधायक एवं पूर्व मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा का नाम शामिल है।

दोनों विधायकों के इस फैसले को पंजाब में आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक नुकसान माना जा रहा है। पार्टी छोड़ने के बाद अब उनकी अगली राजनीतिक पारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

अमित शाह की रैली में BJP में शामिल होने की अटकलें

दोनों विधायकों के इस्तीफे के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उनके बीजेपी में शामिल होने को लेकर हो रही है। बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा के दौरान दोनों विधायक भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं।

हालांकि, बीजेपी में शामिल होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में सबकी निगाहें दोनों नेताओं के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

शाम 4:30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने के बाद हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा शाम 4:30 बजे चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान दोनों विधायक पार्टी छोड़ने के पीछे की वजहों का खुलासा कर सकते हैं। साथ ही अपनी आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं।

चेतन सिंह जौड़ामाजरा की पार्टी में कम हुई थी भूमिका

चेतन सिंह जौड़ामाजरा पंजाब की AAP सरकार में मंत्री रह चुके हैं। हालांकि, बीते कुछ समय से पार्टी में उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। पार्टी ने समाना विधानसभा क्षेत्र में उनकी जगह पूर्व अकाली नेता सुरजीत सिंह रखड़ा को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंप दी थी।

इस फैसले के बाद जौड़ामाजरा की पार्टी में स्थिति को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे थे। अब उनके इस्तीफे को इसी घटनाक्रम से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

रेप केस में भी विवादों में रहे हरमीत सिंह पठानमाजरा

सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा भी पिछले कुछ समय से विवादों में रहे हैं। उनके खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद वह ऑस्ट्रेलिया चले गए थे। बाद में जांच में शामिल होने के लिए भारत लौटने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

पंजाब में AAP के लिए बढ़ी मुश्किलें

पटियाला जिले की दो विधानसभा सीटों से विधायकों का एक साथ इस्तीफा देना आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका है। खास बात यह है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब पंजाब की राजनीति में बीजेपी अपनी सियासी सक्रियता बढ़ा रही है।

अब सवाल यह है कि क्या दोनों विधायक बीजेपी में शामिल होंगे या अपनी आगे की राजनीति को लेकर कोई अलग रास्ता चुनेंगे? इसका जवाब शाम 4:30 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद साफ हो सकता है।


संबंधित समाचार