होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
जरा हटके
सेहत
अध्यात्म
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Bhopal News : पुलिस ने महिला को बरामद किया तो लुटेरी दुल्हन का हुआ खुलासा

Bhopal News : पुलिस ने महिला को बरामद किया तो लुटेरी दुल्हन का हुआ खुलासा

भोपाल। जहांगीराबाद पुलिस ने राजस्थान के झालावाड़ से गुमशुदा महिला को बरामद किया है। महिला से पूछताछ में लुटेरी दुल्हन का पर्दाफाश हो गया।

दरअसल, लुटेरी दुल्हन गिरोह की महिला सगरना ने गिरोह की महिला को डेढ़ लाख रुपए में राजस्थान में बेच दिया था। साजिश के तहत दुल्हन को कुछ दिनों बाद बहाना बनाकर लौट आना था, लेकिन राजस्थान से लौटने का उसे मौका नहीं मिला। दुल्हन की मां ने जहांगीराबाद थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।

 उन्होंने बताया कि, उनकी बेटी का डेढ़ लाख रुपए में सौदा किया गया है। इसके बाद जहांगीराबाद पुलिस हरकत में आई और राजस्थान पहुंचकर महिला को सकुशल बरामद किया। इस दौरान लुटेरी दुल्हन का खुलासा हुआ। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान के झालावाड़ की बकानी थाना पुलिस लुटेरी दुल्हन और गैंग लीडर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए ले गई है। 

पुलिस के अनुसार बैंक कॉलोनी अशोका गार्डन निवासी ललिता मानेकर पत्नी यशवंत मानेकर (45) ने गत 13 अप्रैल को सूचना दी कि उसकी बेटी सरिता महाजन पत्नी सुभाष महाजन (28) मोहिनी भवन यादव मोहल्ला बरखेड़ी लापता हो गई है। सरिता ने अपनी दो बेटियों गायत्री (7) व पूजा (5) को ललिता मानेकर के पास छोड़ दिया था।  पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद जांच की।

 इस बीच ललिता ने पुलिस को बताया कि बेटी सरिता को राजस्थान में डेढ़ लाख रुपए में बेचा गया है। पुलिस ने उक्त मामले में एक संदेही महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि ललिता मानेकर ने खुद अपनी बेटी की शादी सोहेल नामक व्यक्ति के माध्यम से थाना बकानी, जिला झालावाड़ में सोनू शर्मा से कराई है। गुमशुदा महिला सरिता की अब तक तीन शादियां भोपाल, हरदा व झालावाड़ में हो चुकी हैं। इसमें शामिल लोग नोटरी कराकर शादी करवा देते हैं। उसके बाद मौका मिलते ही गुमशुदा महिला अपने घर लौट आती है। पुलिस ने एक टीम को गुमशुदा महिला की तलाश के लिए बकानी, जिला झालावाड़ भेजा। वहां से सरिता को बरामद किया गया। 

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गुमशुदा सरिता महाजन ने अपना असली नाम बदलकर गुंजन नाम के आधार कार्ड के दस्तावेज पेश कर नोटरी कराकर सोनू शर्मा से शादी की थी। गिरोह की अन्य सदस्य सुनीता लड़के वालों के सामने लड़की की मौसी बनी थी। उसने अपना नाम सुनीता की जगह अनीता बताया था। संदेही सोहेल ने अपना नाम बदलकर राकेश रख लिया था। वह लड़के वालों के सामने लड़की का भाई बनकर बन गया था। पुलिस को अनुमान है कि आरोपियों ने इस तरह की और भी वारदात को अंजाम दिया होगा। 

दुल्हन बनाने लगती थी बहाने

गिरोह के सदस्य सोहेल, ललिता व संदेही सुनीता लड़कों की तलाश कर सौदा तय करते थे। बाद में नोटरी से शादी करवा देते थे। दुल्हन शादी करके जिस घर में जाती थी। वहां कुछ दिन ठीक से रहती थी फिर बहाने बनाकर निकल जाती थी। इतने में काम नहीं हुआ तो पेट दर्द या अन्य कोई बहाना बनाकर अस्पताल में भर्ती हो जाती थी इसके बाद अस्पताल से फरार हो जाती थी। 

थाना बकानी जिला झालावाड़ पुलिस ने फरियादी सोनू शर्मा की रिपोर्ट पर घटना में लिप्त इंदर सिंह गुर्जर निवासी बकानी जिला झालावाड़, सरिता महाजन व सुनीता ठाकुर के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत व धमकी की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। राजस्थान पुलिस गैंग लीडर सुनीता ठाकुर उर्फ अनीता (39) निवासी शीतल सिटी कॉलोनी मंडीदीप रायसेन, दुल्हन सरिता महाजन (28) निवासी यादव मोहल्ला बरखेड़ी व संदेही सोहेल खान उर्फ  जुगनू (23) निवासी तुलसी नगर हिनोतिया को अपने साथ राजस्थान ले गई है। वहां उनसे पूछताछ की जा रही है।


संबंधित समाचार