होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Bhairunda Police: भैरुंदा में अवैध बोरिंग पर पुलिस का एक्शन, मशीनें जब्त, मामला दर्ज

Bhairunda Police: भैरुंदा में अवैध बोरिंग पर पुलिस का एक्शन, मशीनें जब्त, मामला दर्ज

मुकेश प्रजापति, भैरुंदा (सीहोर): गर्मी के मौसम में जलस्तर को बचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद अवैध बोरिंग का खेल जारी है। सीहोर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशों पर मुस्तैद भैरुंदा पुलिस ने शुक्रवार, 24 अप्रैल की रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बोरिंग कर रही मशीनों को रंगे हाथों पकड़ा और उन्हें जब्त कर लिया है।

रात में चल रहा था बोरिंग का खेल

जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल की रात जब पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी दुर्गा चौक स्थित डूडी कॉम्प्लेक्स के अंदर एक बोरिंग मशीन चलती हुई दिखाई दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब बोरिंग कर रहे व्यक्ति श्रवण पंवार (निवासी बजरंग कुटी गेट, भैरुंदा) से पूछताछ की और बोरिंग से संबंधित वैध दस्तावेज या अनुमति मांगी, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।

कलेक्टर के आदेश की उड़ाई धज्जियां

सीहोर कलेक्टर द्वारा जिले में जल संकट को देखते हुए बिना अनुमति बोरिंग करने पर कड़ा प्रतिबंध लगाया गया है। आरोपी द्वारा इन आदेशों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने KA01MN2161 लोडेड बोरिंग मशीन और KA01MN2171 बोरिंग का सामान ढोने वाला अन्य वाहन जब्त किया है। 

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

भैरुंदा पुलिस ने आरोपी श्रवण पंवार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223(ए) और मध्य प्रदेश पेयजल परिरक्षण अधिनियम की धारा 3/9 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कौशलेन्द्र बघेल, लोकेश सोलंकी, आरक्षक विपिन जाट, सतेन्द्र दोहरे और सैनिक मद्दूलाल की विशेष भूमिका रही।


संबंधित समाचार