होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Padma Shri Anuj Sharma: IIT Madras में छत्तीसगढ़ी सिनेमा और लोक संस्कृति पर व्याख्यान देंगे अनुज शर्मा

Padma Shri Anuj Sharma: IIT Madras में छत्तीसगढ़ी सिनेमा और लोक संस्कृति पर व्याख्यान देंगे अनुज शर्मा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को देश के प्रतिष्ठित मंच पर एक बार फिर पहचान मिलने जा रही है। प्रदेश के अभिनेता, गायक और पद्मश्री सम्मानित अनुज शर्मा को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास, चेन्नई में आयोजित विशेष व्याख्यान श्रृंखला में मुख्य वक्ता के तौर पर आमंत्रित किया गया है। IIT मद्रास में आयोजित होने वाली इस विशेष Mural Lectures / Special Lecture Series में अनुज शर्मा छत्तीसगढ़ी कला, लोक संस्कृति और सिनेमा से जुड़े अपने अनुभव छात्रों के साथ साझा करेंगे।

छत्तीसगढ़ी सिनेमा और संगीत पर रखेंगे अपनी बात

अनुज शर्मा इस विशेष व्याख्यान में 'Musical Demonstration एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा' विषय पर अपनी प्रस्तुति देंगे। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, संगीत और सिनेमा के सफर के साथ-साथ कला के जरिए सामाजिक बदलाव में कलाकार की भूमिका पर चर्चा करेंगे। उनका फोकस छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति को व्यापक और वैश्विक मंच तक पहुंचाने की संभावनाओं पर भी रहेगा। तकनीकी क्षेत्र के विद्यार्थियों के बीच भारतीय कला और क्षेत्रीय संस्कृति को समझने का यह एक अलग अनुभव होगा।

कई प्रतिष्ठित मंचों पर दे चुके हैं व्याख्यान

IIT मद्रास से पहले भी अनुज शर्मा विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों और मंचों पर अपने विचार साझा कर चुके हैं। इनमें IIM, Josh Talks, Roll Bol और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर बेसिक साइंसेज जैसे मंच शामिल हैं। उनके व्याख्यानों में कला, संस्कृति, समाज और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जुड़े विषय प्रमुख रहे हैं।

2014 में मिला था पद्मश्री

अनुज शर्मा को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए वर्ष 2014 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। छत्तीसगढ़ी सिनेमा में उनकी पहचान अभिनेता और गायक के तौर पर है। उनकी पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म 'मोर छइहां भुइयां' को छत्तीसगढ़ी सिनेमा की चर्चित फिल्मों में गिना जाता है। अपने लंबे कलात्मक सफर में वे 300 से अधिक मंचीय कार्यक्रमों और 100 से ज्यादा लोकगीत एलबमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति और लोक संगीत को दर्शकों तक पहुंचा चुके हैं।

IIT Madras के छात्रों से साझा करेंगे कला का अनुभव

IIT मद्रास की ओर से आयोजित इस व्याख्यान का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों को भारतीय कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ना है। अनुज शर्मा के व्याख्यान के जरिए छात्रों को छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और क्षेत्रीय सिनेमा को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, कैलाश सत्यार्थी, दलाई लामा, जावेद अख्तर, ए. आर. रहमान और एस. एस. राजामौली जैसी चर्चित हस्तियां भी अपने विचार साझा कर चुकी हैं। ऐसे मंच पर छत्तीसगढ़ के कलाकार अनुज शर्मा का आमंत्रित होना प्रदेश की कला और संस्कृति के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।


संबंधित समाचार