भोपाल। राजधानी के हमीदिया अस्पताल में सोमवार को इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने के लिए निकले, लेकिन अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
हमीदिया अस्पताल के गेट पर पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन के दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए। इंटर्न डॉक्टरों ने गेट पर खड़े होकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
पूरे देश मे सबसे कम स्टाइम्पेड मध्यप्रदेश में
प्रदर्शनकारी डॉक्टरों का कहना है कि मध्यप्रदेश में इंटर्न डॉक्टरों को मिलने वाला स्टाइपेंड देश के अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है। उनका आरोप है कि सरकार पहले भी स्टाइपेंड बढ़ाने का आश्वासन दे चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस निर्णय नहीं हुआ।
OPD बंद का ऐलान
इंटर्न डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांग पर फैसला नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इतना ही नहीं कल अस्पतालों में OPD बंद रखने का ऐलान किया गया है। जिसके चलते मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।
MP के अस्पतालों में कल OPD रहेगी बंद
डॉ. अक्षत सोनी ने बताया कि इंटर्न डॉक्टर्स के समर्थन में मंगलवार को मध्यप्रदेश के अस्पतालों में OPD बंद रहेगी। इससे मरीजों को मिलने वाली नियमित ओपीडी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
इतना मिला रहा है स्टाइपेंड
बता दें कि भोपाल में अभी इंटर्न डॉक्टरों को ₹14,337 प्रतिमाह स्टाइपेंड मिल रहा है। जिसे बढ़ाकर कम से कम ₹30 हजार प्रतिमाह करने की मांग की जा रही है।