होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

5वीं-8वीं की परीक्षा में कोई फेल नहीं होगा छात्र, स्कूल शिक्षा विभाग ने किया स्पष्ट

5वीं-8वीं की परीक्षा में कोई फेल नहीं होगा छात्र, स्कूल शिक्षा विभाग ने किया स्पष्ट

रायपुर: स्कूल शिक्षा विभाग ने 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। विभाग ने कहा है कि इस सत्र में किसी भी छात्र को फेल नहीं किया जाएगा। मुख्य परीक्षा में असफल होने वाले विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा का अवसर मिलेगा और यदि छात्र उसमें भी सफल नहीं हो पाता है, तब भी उसे अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। विभाग का कहना है कि परीक्षा का उद्देश्य छात्रों को असफल करना नहीं, बल्कि उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन करना है।

आरटीई लागू होने के बाद कक्षा 1 से 8 तक परीक्षाओं पर रोक लगी हुई थी। हालांकि, विभिन्न राज्यों से पढ़ाई के स्तर पर पड़ रहे प्रभाव की रिपोर्ट के बाद केंद्र सरकार ने आरटीई प्रावधानों में शिथिलता दी और राज्यों को 5वीं व 8वीं की परीक्षा आयोजित करने की अनुमति दी। इसके बाद राज्य शासन ने पिछले वर्ष से इन कक्षाओं की परीक्षा दोबारा शुरू की है।

मार्च से शुरू होंगी 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं

घोषित समय-सारणी के अनुसार 5वीं कक्षा की परीक्षा 16 मार्च से और 8वीं कक्षा की परीक्षा 17 मार्च से शुरू होगी। इन परीक्षाओं में सरकारी, अनुदान प्राप्त स्कूलों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन से मान्यता प्राप्त निजी स्कूल भी शामिल होंगे। पिछले वर्ष अधिसूचना देर से जारी होने के कारण निजी स्कूलों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद अदालत ने परीक्षा में शामिल होने का फैसला स्कूलों पर छोड़ दिया था। इसके चलते केवल लगभग 15 प्रतिशत निजी स्कूलों के छात्र ही परीक्षा में शामिल हो पाए थे। इस बार सभी मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

मूल्यांकन और उत्तरपुस्तिकाओं की व्यवस्था

जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मूल्यांकन के बाद उत्तरपुस्तिकाओं को सीलबंद पैकेट में विकासखंड स्तर पर तीन महीने तक सुरक्षित रखा जाएगा। इसकी जिम्मेदारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी की होगी। मूल्यांकन केंद्र संकुल विद्यालयों में बनाए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने परीक्षा से जुड़े शुल्क और मानदेय भी निर्धारित कर दिए हैं।

5वीं कक्षा के लिए प्रति छात्र 55 रुपए और

8वीं कक्षा के लिए 60 रुपए शुल्क तय किया गया है, जो जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा होगा। मूल्यांकन के लिए 5वीं की उत्तरपुस्तिका पर 2 रुपए प्रति कॉपी और 8वीं की उत्तरपुस्तिका पर 3 रुपए प्रति कॉपी दिए जाएंगे। मुख्य मूल्यांकनकर्ता को 100 रुपए प्रतिदिन और केंद्राध्यक्ष को 150 रुपए प्रतिदिन मानदेय प्रदान किया जाएगा।


संबंधित समाचार