National Film Awards 2026: भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन 22 सितंबर 2026 को गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस बार समारोह का आयोजन नई दिल्ली से बाहर किया गया, जो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की परंपरा में एक अहम बदलाव है।
इस समारोह में साल 2024 में रिलीज हुई फिल्मों और उनसे जुड़े कलाकारों की उपलब्धियों को सम्मानित किया गया। पुरस्कारों में 'आर्टिकल 370' ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का सम्मान हासिल किया, जबकि अभिनय के क्षेत्र में ममूटी और कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया। यामी गौतम को 'आर्टिकल 370' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।
अनंत नाग को दादा साहब फाल्के पुरस्कार
समारोह का सबसे खास आकर्षण वरिष्ठ अभिनेता अनंत नाग को वर्ष 2024 का दादा साहब फाल्के पुरस्कार दिया जाना रहा। पांच दशक से ज्यादा लंबे फिल्मी करियर में उनके योगदान के सम्मान में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।
अनंत नाग ने कन्नड़ के साथ हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया है। उनके लंबे सिनेमाई सफर में कई चर्चित फिल्में और टेलीविजन प्रोजेक्ट शामिल रहे हैं।
ममूटी और कार्तिक आर्यन संयुक्त रूप से बेस्ट एक्टर
मलयालम फिल्म 'ब्रह्मयुगम' के लिए ममूटी और हिंदी फिल्म 'चंदू चैंपियन' के लिए कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (लीडिंग रोल) का पुरस्कार मिला। दोनों कलाकारों को एक ही श्रेणी में सम्मानित किया गया।
यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान
'आर्टिकल 370' में अभिनय के लिए यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। इसी फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार भी अपने नाम किया।
'आर्टिकल 370' बनी बेस्ट फीचर फिल्म
'आर्टिकल 370' को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया। फिल्म के निर्माता Jio Studios और B62 Studios हैं, जबकि निर्देशन आदित्य सुहास जंभाले ने किया है।
'अमरन' के लिए राजकुमार पेरियासामी को बेस्ट डायरेक्टर
तमिल फिल्म 'अमरन' के निर्देशक राजकुमार पेरियासामी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार मिला। फिल्म ने इस संस्करण में प्रमुख सम्मान हासिल किया।
रणदीप हुड्डा को डायरेक्टोरियल डेब्यू का पुरस्कार
अभिनेता रणदीप हुड्डा ने फिल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' से निर्देशन में कदम रखा था। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर का सम्मान दिया गया।
'पुष्पा 2' को भी कई कैटेगरी में सम्मान
अल्लू अर्जुन स्टारर 'पुष्पा: द रूल पार्ट-02' ने भी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। फिल्म को अलग-अलग तकनीकी श्रेणियों में सम्मान मिला। आधिकारिक सूची के मुताबिक सुकुमार को फिल्म के लिए स्क्रीनप्ले संबंधी सम्मान भी मिला है।
वैकोम विजयलक्ष्मी को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर
मलयालम फिल्म 'A.R.M.' के गीत 'Angu Vaana Konilu' के लिए वैकोम विजयलक्ष्मी को सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का पुरस्कार मिला।
धनुष की 'रायन' को तमिल में सम्मान
धनुष की फिल्म 'रायन' को सर्वश्रेष्ठ तमिल फीचर फिल्म का सम्मान मिला। धनुष ने इस फिल्म में अभिनय के साथ इसका निर्देशन और लेखन भी किया था। इसके अलावा 'कैप्टन मिलर' के लिए धनुष को स्पेशल मेंशन भी मिला। आधिकारिक पुरस्कार सूची में फिल्म को राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म की श्रेणी में भी सम्मानित किया गया है।
'कalki 2898 AD' को भी मिला बड़ा सम्मान
प्रभास, अमिताभ बच्चन और दीपिका पादुकोण स्टारर 'Kalki 2898 AD' को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म प्रदान करने वाली श्रेणी में पुरस्कार मिला। इस फिल्म का निर्देशन नाग अश्विन ने किया है।
नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में इस बार क्या रहा खास?
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में 2024 की फिल्मों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि पुरस्कार समारोह को दिल्ली से बाहर ले जाकर गुजरात के एकता नगर में आयोजित किया गया। सरकार के अनुसार आने वाले संस्करणों में भी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को अलग-अलग राज्यों और शहरों में आयोजित करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।