पचमढ़ी/नर्मदापुरम: क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और जातिगत विद्वेष फैलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पचमढ़ी निवासी प्रशांत कुमार सिहोटे ने मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग, भोपाल को एक शिकायती पत्र भेजकर आरोपी रूपेंद्र के विरुद्ध SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत FIR दर्ज करने की मांग की है। इस मामले पर डूमर समाज के प्रतिनिधि एवं अन्य अनुसूचित जाति के संगठनों द्वारा पुलिस थाने में ज्ञापन दिया गया है।
प्रमुख आरोप और डिजिटल साक्ष्य
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी स्वयं को राजनितिक संगठन का पदाधिकारी बताकर अपने राजनीतिक प्रभाव का प्रदर्शन करता है। आरोप है कि सार्वजनिक संवाद के दौरान आरोपी ने संपूर्ण अनुसूचित जाति समाज के लिए अपमानजनक और असंवैधानिक शब्दों का प्रयोग किया। ऑडियो में आरोपी द्वारा पुलिस प्रशासन और कानूनी प्रक्रिया का मजाक उड़ाने की बात भी कही गई है, जिससे स्थानीय दलित समाज में असुरक्षा और भय का वातावरण है।
कठोर कार्रवाई की मांग
प्रशांत कुमार सिहोटे ने आयोग से मांग की है कि नर्मदापुरम् पुलिस अधीक्षक और अजाक्स थाना प्रभारी को निर्देशित कर आरोपी के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज की जाए। मामले की गंभीरता और आरोपी के राजनीतिक प्रभाव को देखते हुए, जांच किसी राजपत्रित अधिकारी (DSP स्तर) के माध्यम से कराई जाए ताकि निष्पक्षता बनी रहे। यह मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, और स्थानीय लोग प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतज़ार कर रहे हैं।
आरोप पर रूपेंद्र साहू
संबंधित ऑडियो पूरी तरह ए आई द्वारा निर्मित किया गया है उस ऑडियो से मेरा कोई लेना-देना नहीं है इस तरह के ऑडियो से छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।