राजेश सोनी, डबरा : मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा शहर में इन दिनों जादू का अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। देश के प्रसिद्ध जादूगर विश्वनाथ की 13 वर्षीय बेटी भावना अपनी प्रतिभा से लोगों को हैरान कर रही हैं। छोटी उम्र में ही भावना ने जादू की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है।
पिता से सीखी कला
भावना ने यह कला अपने पिता और गुरु जादूगर विश्वनाथ से सीखी है। पढ़ाई के साथ-साथ वह मंच पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इतनी कम उम्र में इस तरह के बड़े जादुई करतब दिखाने वाली वह क्षेत्र की सबसे कम उम्र की जादूगरनी हैं। करीब 15 साल पहले डबरा आए जादूगर विश्वनाथ एक बार फिर शहर में पहुंचे हैं, लेकिन इस बार मुख्य आकर्षण उनकी बेटी भावना बनी हुई हैं। मधुर मिलन गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में भावना एक से बढ़कर एक जादुई खेल दिखा रही हैं।
दिखा रही ये हैरतअंगेज करतब
अपने शो में वह लड़की को दो हिस्सों में बांटने, हवा में उड़ाने, माला को टुकड़ों में काटकर फिर से जोड़ने और शरीर को तीन हिस्सों में विभाजित करने जैसे रोमांचक करतब पेश कर रही हैं। उनके इन करतबों को देखकर दर्शक दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो रहे हैं। भावना की यह प्रस्तुति न सिर्फ मनोरंजन कर रही है, बल्कि यह भी दिखा रही है कि हुनर उम्र का मोहताज नहीं होता।