होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
जरा हटके
सेहत
अध्यात्म
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

MP Weather Update : दमोह में पारा 45 पर, देश का पांचवां सबसे गर्म शहर बना, 17 शहरों में 43 के ऊपर गर्मी

MP Weather Update : दमोह में पारा 45 पर, देश का पांचवां सबसे गर्म शहर बना, 17 शहरों में 43 के ऊपर गर्मी

भोपाल। मंगलवार को प्रदेश में गर्मी का मिजाज तीखा रहा। कुछ जिलों में बौछारों के बाद पारा दो से 6 डिग्री तक गिरा, वहीं कई जिलों में एक से दो डिग्री तक की बढ़त से गर्मी शबाब पर रही। प्रदेश में इस सीजन में पहली बार दमोह में दिन का पारा 45 डिग्री पर पहुंच गया। यह  देश में पांचवा सबसे गर्म शहर दर्ज हुआ है। गर्मी के लिहाज से नौगांव देश के 18वें नंबर पर रहा है। दमोह में अधिकतम पारा करीब 2 डिग्री बढ़कर 44.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। नौगांव 43.4 डिग्री रहा। 


यह नॉर्मल से 1.2 डिग्री अधिक है। भोपाल में 1.7 डिग्री की बढ़त के साथ पारा 42.4 डिग्री रहा, यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। वहीं भोपाल सीजन का सबसे गर्म दिन भी दर्ज हुआ। दमोह और नौगांव में गर्म हवाओं ने लू का अहसास कराया। मौसम केंद्र के अनुसार बुधवार से गुरुवार के बीच कुछ जिलों में गर्मी और बढ़ेगी, जिससे कई जिलों में लू का असर रहेगा, जबकि कुछ जिलों में बादल, बारिश और एक दो स्थानों पर ओले गिरने से तापमान में कमी आएगी। भोपाल में बादलों का आना जाना रहेगा। गुरुवार से शुक्रवार के बीच राजधानी के आसपास बूंदावांदी हो सकती है। 

ओड़िशा से दक्षिणी मप्र तक ट्रफ बनी


मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन के रुप में सक्रिय है। साथ ही उड़ीसा से छत्तीसगढ़ और दक्षिणी मप्र तक एक ट्रफ लाइन भी बनी हुई है। यह दक्षिण-पूर्वी राजस्थान तक एक्टिव है। इससे अगले दो से तीन दिन में प्रदेश में मौसम बदलता रहेगा। कहीं लू चलेगी, तो कहीं बारिश और बादलों का असर रहेगा। 

आज यहां बारिश, ओले का अलर्ट


बुधवार से गुरुवार के बीच शहडोल, उमरिया, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिलों में कहीं बारिश तो कहीं ओले का अलर्ट जारी किया गया है। मंडला, बालाघाट सहित कुछ हिस्सों में बादल, बौछारें पड़ेंगी। भोपाल में मामूली बादलों का असर रहेगा, लेकिन तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है।   

यहां गर्मी के तेवर तीखे


भोपाल, धार, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगौन, रायसेन, रतलाम, शिवपुरी, उज्जैन, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नौगांव, सागर, सीधी, उमरिया, टीकमगढ़ सहित करीब 17 जिलों में दिन का पारा 42 से 43 डिग्री के बीच रहा। प्रदेश में औसत अधिकतम पारा 42 डिग्री रहा है। इन जिलों में गर्मी ने लोगों को परेशान किया। पूर्वी मप्र के कुछ जिलों में बादल, बौछारों के बाद दिन के तापमान में गिरावट रही। मलाजखंड में पारा 6 डिग्री गिरकर 36.6 डिग्री रहा। सिवनी, सतना, रीवा में करीब 3 से 4 डिग्री तक गिरावट के पारा 37 से 38 डिग्री के बीच आ गया। 


संबंधित समाचार