MP Morning News : मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। राजधानी भोपाल सहित कई शहरों में सुबह विजिबिलिटी बेहद कम रही, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है।
22 जिलों में कोहरे की चेतावनी
घने कोहरे की चेतावनी जिन जिलों में जारी की गई है, उनमें भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, दमोह, सागर और विदिशा शामिल हैं। वहीं इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, मंडला, शिवपुरी, श्योपुर, नीमच और मंदसौर में भी कोहरे का असर बना रहेगा।
तापमान में भारी गिरावट
भोपाल में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 10 वर्षों में तीसरी सबसे सर्द रात रही। शाजापुर में प्रदेश का सबसे कम तापमान 4.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अन्य शहरों में तापमान इस प्रकार रहा..
मंदसौर: 4.6 डिग्री
इंदौर: 5.4 डिग्री
रीवा: 5.5 डिग्री
पचमढ़ी: 5.2 डिग्री
रायसेन: 6.5 डिग्री
ग्वालियर-जबलपुर: 9 डिग्री
उज्जैन: 9.5 डिग्री
रीवा, सतना और सीधी में विजिबिलिटी 200 से 500 मीटर तक सिमट गई।
यातायात पर असर
घने कोहरे के चलते कई ट्रेनें और फ्लाइट्स देरी से संचालित हो रही हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक ड्राइविंग करने की सलाह दी है।
नगर निगम का बड़ा फैसला
राजस्व वसूली बढ़ाने के उद्देश्य से नगर निगम ने विधानसभावार प्रभारी राजस्व अधिकारियों की नियुक्ति की है। अपर आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार 6 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 5 अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रभारी अधिकारी जोनल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय कर राजस्व वसूली करेंगे। साथ ही संपत्ति कर के लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए हैं।
राजधानी में फिर आंदोलन की तैयारी
शिक्षकों का आंदोलन एक बार फिर राजधानी की सड़कों पर देखने को मिलेगा। वर्ग-1 शिक्षक भर्ती 2023 के अभ्यर्थियों ने पद वृद्धि और सेकंड काउंसलिंग की मांग को लेकर 2 जनवरी को भोपाल में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पहले भी कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं, यहां तक कि मुंडन और दंडवत होकर सरकार से मांग रखी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ।
मध्यप्रदेश विधानसभा का सत्र आज
मध्यप्रदेश विधानसभा की 69वीं वर्षगांठ पर एक दिवसीय विशेष सत्र आज लगाया जाएगा। सत्र का विजन विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध मध्यप्रदेश रहेगा। सत्र के दौरान राज्यपाल विधानसभा की सात दशक तक की यात्रा की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। प्रदर्शनी प्रदेश सरकार के 2 साल के कार्यो पर केंद्रित रहेगी। प्रदर्शनी में लगाए गए है 136 ऐतिहासिक और दुर्लभ चित्र।
झूकी सरकार, एक्ट वापस
सिंहस्थ क्षेत्र में लैंड पूलिंग एक्ट वापस ले लिया गया है। विधायकों और किसान संघ के विरोध के बाद सरकार को झूकना पड़ा। एक्ट वापस लेने का आदेश नगरीय प्रशासन विभाग ने जारी कर दिया है। लैंड पूलिंग मामले में प्रदेश से लेकर दिल्ली तक सियासत जारी थी। किसान और विधायकों के विरोध के बाद सरकार ने एक्ट को वापस ले लिया है।
आज से होगी वन मेले की शुरूआत
मध्यप्रदेश में आज से 11वें अंतरराष्ट्रीय वन मेले की शुरुआत होगी। वन मेले में 350 स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही किड्स जोन भी रहेगा। प्रदेश के मुखिया मोहन यादव वन मेले का उद्घाटन करेंगे।