होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

विधानसभा विशेष सत्र: मनरेगा नाम बदलने पर कांग्रेस का हंगामा, भाजपा विधायकों का पलटवार

विधानसभा विशेष सत्र: मनरेगा नाम बदलने पर कांग्रेस का हंगामा, भाजपा विधायकों का पलटवार

MP Assembly Special Session: मध्यप्रदेश विधानसभा में विशेष सत्र के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए बीजेपी विधायक उषा ठाकुर ने मनरेगा योजना के नाम बदलने, कांग्रेस के विरोध, विधानसभा के विशेष सत्र और लैंड पुलिंग एक्ट जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। विशेष सत्र के दौरान विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विपक्ष ने मनरेगा योजना के नाम बदलने का विरोध करते हुए कहा कि महात्मा गांधी का अपमान किया जा रहा है। कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने बैठकर अपना विरोध जताया। 

मनरेगा पर बोली उषा ठाकुर

मनरेगा योजना के नाम को लेकर चल रही चर्चा पर उषा ठाकुर ने कहा कि श्रीराम का स्मरण जितनी बार किया जाएगा, उतनी बार मर्यादा पुरुषोत्तम का संदेश समाज तक पहुंचेगा। उन्होंने महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी ऐसे राजनेता थे, जिन्होंने अंतिम समय में भी “हे राम” का उच्चारण किया था। ऐसे में उनका मानना है कि राष्ट्रपिता की आत्मा पूरे देश को आशीर्वाद देगी।

कांग्रेस के विरोध पर हमला

कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए उषा ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को आपत्ति होना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र देकर कहा था कि भगवान राम इस देश में हुए ही नहीं और वे काल्पनिक पात्र हैं। ऐसे में कांग्रेस की सहमति या असहमति से कोई फर्क नहीं पड़ता।

विकास कार्यों पर जोर

उषा ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य निरंतर गति से चल रहे हैं। अपनी महू विधानसभा का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि एक नगर परिषद में लगभग 85 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जबकि पूरी विधानसभा क्षेत्र में करीब 500 करोड़ रुपये के टेंडर मंजूर होना बड़ी उपलब्धि है।

लैंड पुलिंग एक्ट पर सफाई

लैंड पुलिंग एक्ट को वापस लेने के सवाल पर उषा ठाकुर ने कहा कि यह लोकतंत्र है और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए फैसला लिया गया है। लोगों की इच्छा को देखते हुए एक्ट को निरस्त किया गया और यह पूरी तरह परंपरागत लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत हुआ।

हेमंत खंडेलवाल का बयान 

मनरेगा योजना के नाम बदलने पर हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि महात्मा गांधी का नाम हर नागरिक के दिल में है, योजना को नया स्वरूप दिया गया है। गांधी जी के सम्मान में हमारी सरकार हमेशा समर्पित रही है। मोदी जी और पूरी सरकार का सम्मान है। उन्होंने कहा कि योजना का नाम बदलना एक प्रक्रिया है। महात्मा गांधी के सम्मान में जितना काम कांग्रेस ने नहीं किया उतना काम बीजेपी ने किया है। 

उमंग सिंघार का हमला

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार लगातार देश के पूज्य महात्मा गांधी का अपमान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सार्वजनिक मंचों पर गांधी जी के चरखे की बात करते हैं, तो दूसरी ओर मनरेगा जैसी योजना, जिसने गांव-गांव में गरीब मजदूरों को काम दिया, उसमें न तो पर्याप्त बजट दिया जा रहा है और अब उसका नाम बदलने की कोशिश की जा रही है। उमंग सिंघार ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार को गांधी जी के नाम से इतनी आपत्ति क्यों है। उन्होंने कहा कि गुजरात से आने वाले प्रधानमंत्री को महात्मा गांधी के सम्मान की सबसे अधिक चिंता करनी चाहिए, लेकिन उल्टा उनकी विरासत को कमजोर किया जा रहा है।

नाम बदलने की राजनीति का आरोप

उमंग सिंघार ने आगे कहा कि भाजपा पहले भी कई योजनाओं के नाम बदल चुकी है। जैसे इंदिरा आवास योजना को प्रधानमंत्री आवास योजना में बदलना, जनधन योजना, जीवन ज्योति योजना जैसे नामकरण। उन्होंने कहा कि अगर सरकार को नाम बदलने का इतना ही शौक है तो फिर सभी योजनाओं के नाम बदल दे, लेकिन मजदूरों और गरीबों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ न करे।

सिंघार की दो टूक

उमंग सिंघार ने दो टूक कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी के अपमान को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर प्रदेश की बात तो करती है, लेकिन जमीन पर मजदूरों को उनका हक और मजदूरी देने से बच रही है। कांग्रेस ने इस पूरे मुद्दे पर केंद्र सरकार से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।

रामेश्वर शर्मा का बयान

कांग्रेस के प्रदर्शन पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को राम से एलर्जी है, इसलिए विरोध कर रही है। राम से एलर्जी रखोगे तो रावण से कांग्रेस तक सबका अंत होगा। कांग्रेस ने महात्मा गांधी के नाम का इस्तेमाल किया, हम महात्मा गांधी के विचारों और कार्यों का अनुसरण कर रहे हैं। कांग्रेस गांधी का नाम लेकर कई बार सत्ता में आई, लेकिन गरीब का घर नहीं बनाया। यह दुनिया जानती है की महात्मा गांधी के रामराज्य को ज़मीन पर उतारने का काम किसी ने किया है, तो वो पीएम मोदी ने किया है। 

रामेश्वर शर्मा ने आगे कहा कि हमने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण किया, ग़रीब के पक्के मकान बनाने का काम किया, गरीब के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बनाए, किसानों का सम्मान किया। क्यूंकि यही गांधी जी चाहते थे। सबका साथ सबका विकास, यही काम भाजपा सरकार कर रही है। मनरेगा में मनमोहन सिंह की सरकार के समय भ्रष्टाचार हुआ, अब मनरेगा के बलबूते पर ग्रामीण लोगों का विकास होगा।


संबंधित समाचार