Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज की शुरुआत कई अहम घटनाओं के साथ हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर में विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का पहला दिन आज से शुरू हो रहा है, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर आमने-सामने होंगे। वहीं प्रदेश में मानसून की रफ्तार भी कुछ धीमी पड़ गई है, जिससे कई जिलों में बारिश थम गई है और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
CM विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पूरे दिन राजधानी रायपुर में रहेंगे, इस कड़ी में सीएम सुबह 10:00 बजे कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में शामिल होंगे। जिसके बाद सुबह 11:00 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम के बाद वह शाम 6:00 बजे वापस मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
आज से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगा। पांच दिवसीय इस सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इस बार सत्र के लिए कुल 1033 प्रश्न लगाए गए हैं। इनमें किसानों की समस्याएं, नकटी की स्थिति, विकास कार्य, विभिन्न विभागों की योजनाएं और जनहित से जुड़े कई मुद्दे शामिल हैं। सिर्फ विपक्ष ही नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी विभिन्न विभागों से जुड़े सवाल लगाए हैं। इसके अलावा ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के जरिए भी कई महत्वपूर्ण विषय सदन में उठाए जाएंगे।
प्रदेश में धीमी पड़ी मानसून की रफ्तार
छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं। कई जिलों में बारिश की रफ्तार थम गई है, जिससे उमस और तापमान दोनों में बढ़ोतरी महसूस की जा रही है।हालांकि मौसम विभाग के अनुसार बलरामपुर, कोरिया और सूरजपुर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। अन्य इलाकों में फिलहाल भारी बारिश के आसार कम हैं।