MP Monsoon : मानसूनी करंट में आएगी तेजी, इस दिन से प्रदेश में मानसून की एंट्री!

MP Monsoon : मानसूनी करंट में आएगी तेजी, इस दिन से प्रदेश में मानसून की एंट्री!

MP Monsoon : राजधानी सहित प्रदेशभर के अधिकांश जिलों में रविवार से प्री-मानसून बारिश रफ्तार पकड़ रही है। इससे अब लू का असर खत्म हो चुका है। रविवार को भोपाल सहित अधिकांश जिलों में दिन और रात का पारा तेजी से गिरा। दिन का तापमान 3 से 11 डिग्री तक गिरने से तेज गर्मी से राहत रही। भोपाल में पारा 4.6 डिग्री गिरकर 35.6 और रात का 5 डिग्री की कमी के साथ 24 डिग्री रहा। सर्वाधिक गिरावट नरसिंहपुर में 11.6 डिग्री की रही। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा।

प्रदेश में गिरेगा पारा

छिंदवाड़ा, दमोह, खजुराहो, नौगांव, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम में पारा 5 से 7 डिग्री तक गिरा है। इन जिलों के रात के तापमान में भी 3 डिग्री तक कमी आई है। प्रदेश में अगले 2 दिन में 3 से 4 डिग्री तक पारा और गिरेगा। 

19 से 20 जून के बीच मानसून

मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी सक्रिय होने से अब दोनों ब्रांच से नमी आने का सिलसिला शुरू हो रहा है, जिससे पूरी उम्मीद है कि 19 से 20 जून के बीच दक्षिण पश्चिम मानसून की प्रदेश में एंट्री हो सकती है। सोमवार को मानसून की लाइन छत्तीसगढ़ में और आगे बढ़ेगी, जबकि खाड़ी में सभी परिस्थितियां अनुकूल होने से मानसूनी करंट अब जारी रहने की संभावना है। नर्मदापुरम के सिवनी मालवा में रविवार दोपहर तेज बारिश हुई। पिपरिया, बड़वानी में भी तेज बारिश हुई। भोपाल में बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत की हो गई। रातीबड़ इलाके के केकड़िया गांव में 12 साल का विशाल चौहान खेत में मक्का लगाकर लौट रहा था। इस दौरान तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई।

कई जिलों में आंधी-बारिश

रविवार को सुबह से देर शाम के बीच भोपाल से सटे हिस्सों के साथ ही शहर के कुछ हिस्सों में बादल के साथ बौछारें पड़ीं। बैतूल, सिवनी, अनुपपुर, सागर, शहडोल, नरसिंगपुर और पांढुर्णा में आंधी के साथ बारिश हुई। सीहोर, गुना, देवास, बड़वानी, पचमढ़ी, खरगोन, झाबुआ, धार, नीमच के अलावा मंदसौर, उज्जैन, इंदौर, हरदा, खंडवा, रायसेन, सिंगरौली, डिंडोरी, मंडला, छिंदवाड़ा, बालाघाट और जबलपुर में भी देर शाम आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई।


संबंधित समाचार