होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

ढाई लाख का बिजली बिल बकाया: मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की बिजली कटी; दो दिन से परेशान MBBS छात्र

ढाई लाख का बिजली बिल बकाया: मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की बिजली कटी; दो दिन से परेशान MBBS छात्र

पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अस्थायी छात्रावास में बिजली बिल का भुगतान नहीं होने से विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिया। करीब ढाई लाख रुपये का बिल लंबित होने के कारण हुई इस कार्रवाई से हॉस्टल में रहने वाले लगभग 100 एमबीबीएस छात्रों को पिछले दो दिनों से बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी और आवश्यक सुविधाओं के अभाव ने छात्रों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

बिजली जाने से पानी की सप्लाई भी ठप

छात्रों के अनुसार शुरुआत में उन्हें लगा कि यह सामान्य बिजली कटौती है, लेकिन लंबे समय तक सप्लाई बहाल नहीं होने पर उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से संपर्क किया। जांच में पता चला कि बिल जमा नहीं होने के कारण बिजली विभाग ने लाइन काट दी थी। बिजली बंद होने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो गई, जिससे छात्र पेयजल और दैनिक उपयोग के लिए परेशान रहे।

प्रदर्शन के बाद किराए के भवन को बनाया गया था हॉस्टल

एमबीबीएस छात्रों के लिए स्थायी हॉस्टल का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। इसी वजह से पिछले वर्ष छात्रों के आंदोलन के बाद कॉलेज प्रशासन ने शांति नगर स्थित एक भवन को किराए पर लेकर अस्थायी हॉस्टल की व्यवस्था की थी। वर्तमान में प्रथम वर्ष से अंतिम वर्ष तक के करीब 100 छात्र इसी भवन में रह रहे हैं।

स्थायी हॉस्टल का निर्माण अब भी अधूरा

कॉलेज परिसर में नए छात्रावास का निर्माण करीब तीन वर्ष पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण लंबे समय तक छात्रों को निजी मकानों में रहना पड़ा था। बाद में शासन के निर्देश पर 120 सीट क्षमता वाले किराए के भवन में अस्थायी आवास उपलब्ध कराया गया।

कॉलेज प्रबंधन ने दी सफाई

अनुबंधित छात्रावास वार्डन डॉ. प्रशांत जायसवाल ने बताया कि अवकाश के कारण भवन मालिक समय पर बिजली बिल जमा नहीं कर सके, जिसके चलते बिजली कनेक्शन काट दिया गया था। उन्होंने कहा कि अब बिल भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर समस्या का समाधान कर लिया गया है और जल्द ही सभी सुविधाएं सामान्य हो जाएंगी।


संबंधित समाचार