Malviya Nagar Fire Incident: राष्ट्रीय राजधानी Delhi के Malviya Nagar स्थित होटल फ्लोरिश स्टे में हुए भीषण अग्निकांड मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। हादसे के बाद गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि आग लगने के समय वह मौके पर मौजूद था, लेकिन डर के कारण वहां से भाग गया। सूत्रों के अनुसार, लवकेश बजाज ने बताया कि वह घटना स्थल से गुजर रहा था, लेकिन उसने रुकने के बजाय वहां से दूरी बना ली। बाद में वह घर भी नहीं गया और काफी देर तक सड़कों पर भटकता रहा।
इमारत की हालत थी काफी जर्जर
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि होटल मालिक ने तीन साल पहले यह इमारत एक पार्टी से लीज पर ली थी और उसमें होटल और गेस्ट हाउस का संचालन कर रहा था। पहले इस भवन में खादी की दुकान संचालित होती थी, जिसे बाद में होटल में बदल दिया गया। बताया जा रहा है कि इमारत की हालत भी काफी जर्जर थी। होटल मालिक ने दावा किया है कि उसके पास BNB (Bed and Breakfast), टूरिस्ट, हेल्थ और रेस्टोरेंट संचालन की अनुमति थी, हालांकि दिल्ली पुलिस इस दावे की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लवकेश बजाज और उसकी पत्नी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था, ताकि वे देश छोड़कर न भाग सकें। दिल्ली पुलिस को पहली सूचना सुबह 8:48 बजे मिली। जिसके बाद लगभग 8:50 बजे फायर डिपार्टमेंट को कॉल किया गया, और मौके पर फायर की टीम पहुंची।
40 से अधिक लोगोंको सुरक्षित निकाला गया
इसके बाद कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला, बचाव अभियान में 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया, लेकिन इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की जान चली गई। कई एजेंसियों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य चलाया। पुलिस अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई तेज कर रही है और होटल मालिक को अदालत में पेश कर 3 से 4 दिन की रिमांड मांगने की संभावना है।