उज्जैन : सावन का दूसरा सोमवार होने के चलते आज सुबह से ही मंदिरों में महादेव के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। भक्त लगातार मंदिर पहुंचकर महादेव की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद ले रहे है। इसी कड़ी में आज उज्जैन में बाबा महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे और प्रजा का हाल जानेंगे। जिसको लेकर शहरभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए है।
शाम 04 बजे निकलेगी शाही सवारी
बता दें कि सावन भादों माह में हर साल बाबा महाकाल की साही सवारी निकलती है। इसी कड़ी में आज भी बाबा की शाही सवारी शाम 04 बजे निकाली जाएगी। जिसमे शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में भक्त और वीआईपी मौके पर मौजूद रहेंगे। यात्रा पारंपरिक मार्ग कोट मोहल्ला, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंचेगी। यहां पूजा के बाद रामानुज कोट, ढ़ाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, गुदरी चौराहा, महाकाल चौराहा होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी।
सवारी 'विभिन्न लोक नृत्यों' की थीम पर आधारित
यह सवारी 'विभिन्न लोक नृत्यों' की थीम पर आधारित होगी। इसमें देश के अलग-अलग राज्यों से आए लोक कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देते हुए चलेंगे। नगरवासियों और श्रद्धालुओं को एक ही मार्ग पर अनेक संस्कृतियों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।
'मनमहेश' और चंद्रमौलेश्वर' रूप में देगें दर्शन
इतना ही नहीं इस दौरान बाबा महाकाल 'चंद्रमौलेश्वर' रूप में और श्यामू हाथी पर 'मनमहेश' रूप में भक्तों को दर्शन देंगे। जिसको लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। तो वही शहरभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए है।