होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
जरा हटके
सेहत
अध्यात्म
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Lok Sabha Elections 2024 : 12 बजे से 2097 मतदान दल 916 लोकेशन के लिए होंगे रवाना

Lok Sabha Elections 2024 : 12 बजे से 2097 मतदान दल 916 लोकेशन के लिए होंगे रवाना

भोपाल। लोकसभा चुनाव के लिए राजधानी भोपाल में सात मई को होने वाले मतदान की जिला निर्वाचन कार्यालय ने पूरी तैयारी कर ली है। सोमवार को लाल परेड मैदान से मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। दोपहर 12 बजे से 2097 मतदान दल 916 लोकेशन के लिए रवाना होंगे। इसके लिए डेढ़ हजार निजी और सरकारी बसों का अधिग्रहण किया गया है। अतिरिक्त अधिग्रहित बसों को विदिशा और राजगढ़ भी भेजा गया है। 

इधर, मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। इधर, मतदान दल सबसे पहले बैरसिया विधानसभा के लिए रवाना होंगे। भोपाल लोकसभा सीट से 22 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके चलते हर मतदान केन्द्र पर एक-एक कंट्रोल यूनिट और दो-दो बैलेट यूनिट लगाई जाएगी। इधर, जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार लाल परेड मैदान से मतदान सामग्री वितरण करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। रविवार शाम तक मैदान में ईवीएम सहित अन्य सामग्री पहुंच चुकी थी। 

63 सहायक मतदान केन्द्र बनाए

जिले की सात विधानसभा क्षेत्र के लिए 2097 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही 63 सहायक मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इन केन्द्रों में मतदाताओं की संख्या होती है। इसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जरूरत पडऩे पर मतदान कराने के लिए अतिरिक्त टीम और मशीन भी तैनात की जाएगी।

सात विधानसभा के 21 लाख 15  हजार मतदाता करेंगे मतदान

भोपाल की सात विधानसभा सीटों पर 21 लाख 15 हजार 397 मतदाता हैं। सबसे अधिक मतदाता गोविंदपुरा विधानसभा में 400938 मतदाता हैं। हुजूर विधानसभा में 3 लाख 81 हजार 263 मतदाता हैं। नरेला विधानसभा में 351596 मतदाता हैं। बैरसिया विधानसभा में 2 लाख 31 हजार 125 हैं। उत्तर विस में 247896 मतदाता हैं। दक्षिण-पश्चिम में 234727 वोटर हैं।  मध्य विस में 247852 मतदाता हैं। जिले में 464 संवेदनशील मतदान केन्द्र हैं। 

मतदान के चलते ट्रैफिक व्यवस्था: आज सुबह 6 बजे से कल शाम
तक लाल परेड मैदान की ओर जाने वाले रास्ते का ट्रैफिक डायवर्ट   

 लाल परेड मैदान के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम से मतदान के चलते सोमवार सुबह 6 बजे से मंगलवार को लोकसभा चुनाव का मतदान खत्म होने के बाद तक शाम के समय इस ओर आने-जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक परिवर्तित मार्ग पर चलाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग व डायवर्सन व्यवस्था जारी की है। मतदान दलों के मतदान पेटी के साथ वापस लाल परेड ग्राउण्ड आगमन के दौरान कुछ मार्ग परिवर्तित रहेंगे। इसके चलते मुख्य रूप से डीबी मॉल तिराहे से जेल मुख्यालय रोटरी होकर कंट्रोल रूम तिराहे की ओर जाने वाला सामान्य यातायात (जीप/कार) डीबी मॉल तिराहे से मैदा मिल, जिन्सी धर्मकांटा होकर पुराने भोपाल की ओर अपने गन्तव्य की ओर जा सकेंगे।

इस मार्ग से गुजरें

रोशनपुरा से भारत टॉकीज की ओर जाने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहन बाणगंगा, मछलीघर, खटलापुरा,  लिली टॉकीज होते हुए भारत टॉकीज की ओर जा सकेंगे।
रोशनपुरा से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड की ओर जाने वाली मिनी बसें व बड़ी बसें अपैक्स बैंक, लिंक रोड नंबर-1 से होते हुए बोर्ड आॅफिस चौराहा, मैदा मिल, जिंसी धर्मकांटा, ऐशबाग फाटक से होकर भारत टॉकीज होते हुए चलेंगी।
भारत टॉकीज से रोशनपुरा की ओर जाने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहन लिली टॉकीज, खटलापुरा, मछलीघर, बाणगंगा, होते हुए रोशनपुरा की ओर आ सकेंगे।
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन से एमपी नगर, न्यू मार्केट की ओर आने वाली मिनी बसें व बड़ी बसें भारत टॉकीज से होते हुए ऐशबाग फाटक, पुल बोगदा, बोर्ड ऑफिस चौराहे से लिंक रोड नंबर-1 होते हुए जा सकेंगी।

नीट परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए ऑटो के देने पड़े 300 रुपए

 लोकसभा चुनाव में मतदान दलों को पोलिंग बूथ तक लाने ले जाने के लिए करीब 200 सिटी बसों का अधिग्रहण किया गया है। इसके चलते रविवार को यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। जिन रूटों पर आम दिनों में 15 से 20 बसें दौड़ती हैं, वहां सिर्फ 3 से 5 बसें ही चली। ऐसी ही स्थिति सोमवार को भी रहेगी।

नीट एग्जाम के दौरान छात्र हुए परेशान 

बसों की संख्या कम होन से सबसे अधिक परेशानी नीट एग्जाम देने के लिए बाहर से आए छात्रों को देखने को मिली। दरअसल, सिटी बसों के चुनावों के लिए अधिग्रहण के चलते बसों की संख्या कम होने से दूसरे जिलों से ट्रेनों से आने वाले छात्रों से रेलवे स्टेशन से सेंटर तक जाने के लिए तीन से चार गुना तक ऑटो चालकों ने पैसे वसूल लिए। नीट की परीक्षा देने विदिशा से भोपाल आई छात्रा सेजल ने बताया में ट्रेन से भोपाल तक पहुंची थी। यहां स्टेशन पर सिटी बस का इंतजार कर रही थी। जो बसें आ रही थी वह पूरी तरह से फुल थी। ऐसे में जब बस नहीं मिली तो मजबूरी में ऑटो लेना पड़ा। स्टेशन से रायसेन बायपास के पास छोड़ने के लिए आटो चालक ने तीन सौ रुपए ले लिए, जबकि बसों से 30 रुपए लगते हैं। 

30 से 45 मिनट बाद मिली बस

यात्रियों का कहना है कि जहां अन्य दिनों में 2 से 5 मिनट में बस मिल जाती थी। लेकिन रविवार को बसों की संख्या कम होने से 30 से 45 मिनट के बाद बस मिली। इसके चलते लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। तो वहीं इसके चलते कई लोगों को मजबूरी में अधिक किराए में ऑटो टैक्सी लेकर घर, अस्पताल सहित स्टेशन आदि जगहों पर जाना पड़ा। कटारा हिल्स क्षेत्र, मंडीदीप रूट पर बसों की संख्या कम देखने को मिली। इसके चलते इस रूट के यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। 
 


संबंधित समाचार