भोपाल : राजधानी भोपाल के प्रसिद्ध सिद्धांता सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 19 बड़ी खामियां मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का पंजीयन और लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद अब अस्पताल में नए मरीजों को भर्ती नहीं किया जा सकेगा। साथ ही पहले से भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पताल में भी शिफ्ट नहीं किया जाएगा।
सुरक्षा और इलाज से जुड़ी 19 गंभीर कमियां मिली
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग की जांच के दौरान अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और इलाज से जुड़ी कुल 19 गंभीर कमियां सामने आई। जिसमे इमरजेंसी उपकरणों की कमी, डॉक्टरों की अनुपस्थिति, डायलिसिस और आईसीयू में लापरवाही, असुरक्षित एक्स-रे जांच और फायर सेफ्टी से जुड़ी चूक शामिल हैं।
मरीजों के रिकॉर्ड में मिली खामियां
इसके अलावा अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में ब्लड सैंपल रखने की व्यवस्था भी निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने अस्पताल के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की।
अस्पताल प्रबंधन में मचा हड़कंप
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा और निर्धारित चिकित्सा मानकों का पालन सुनिश्चित करना अनिवार्य है।