सरकारी स्कूल में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए झारखंड में बड़ा भर्ती अभियान शुरू हो चुका है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने प्रशिक्षित सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया चालू कर दी है। इस भर्ती के जरिए प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में कुल 7,299 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन 29 सितंबर 2026 से लिए जा रहे हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की वेबसाइट के माध्यम से 18 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
अलग-अलग विषयों में हैं हजारों पद
भर्ती में कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं। प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 के लिए इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक के 2,756 पद हैं।
उच्च प्राथमिक स्तर में भाषा ज्ञान के 1,887, सामाजिक विज्ञान के 908 और विज्ञान एवं गणित के 1,748 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 7,299 पदों पर भर्ती होगी। इनमें 6,101 नियमित और 1,198 बैकलॉग रिक्तियां शामिल हैं।
JTET समेत ये योग्यता जरूरी
कक्षा 1 से 5 के पदों के लिए उम्मीदवार के पास कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं की योग्यता और निर्धारित शिक्षक प्रशिक्षण डिप्लोमा या संबंधित चार वर्षीय कोर्स होना चाहिए। इसके अलावा संबंधित स्तर की JTET पात्रता भी जरूरी है।
कक्षा 6 से 8 के लिए संबंधित विषय में ग्रेजुएशन के साथ D.El.Ed, B.Ed या निर्धारित चार वर्षीय इंटीग्रेटेड शिक्षक प्रशिक्षण योग्यता मांगी गई है। इस स्तर के उम्मीदवारों के लिए भी संबंधित JTET पात्रता जरूरी होगी।
भर्ती में झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल के तहत काम कर रहे पैरा टीचर्स के लिए अलग पात्रता शर्तें भी लागू हैं। ऐसे उम्मीदवारों के पास कम से कम दो साल की लगातार सेवा होनी चाहिए।
21 साल से कम उम्र वाले नहीं कर सकेंगे आवेदन
आवेदन के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 1 अगस्त 2026 को 21 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा संबंधित सरकारी नियमों के अनुसार निर्धारित होगी। पात्र पैरा टीचर्स को नियमानुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट मिल सकती है।
आवेदन शुल्क सामान्य, EBC-1, EBC-2 और EWS उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये रखा गया है। झारखंड के SC/ST उम्मीदवारों को 50 रुपये देने होंगे। 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले PwD उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है।
एक चरण की परीक्षा से होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा OMR या CBT मोड में आयोजित हो सकती है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा और इसके बाद अंतिम मेरिट तैयार होगी। कक्षा 1 से 5 के लिए मातृभाषा, क्षेत्रीय भाषा, सामान्य ज्ञान एवं करंट अफेयर्स और संबंधित विषयों से जुड़े प्रश्न होंगे। वहीं कक्षा 6 से 8 के लिए मातृभाषा, क्षेत्रीय भाषा, सामान्य ज्ञान एवं करंट अफेयर्स और चुने गए विषय से संबंधित परीक्षा होगी।
25,500 से 92,300 रुपये तक वेतन
चयनित इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों को पे लेवल-4 के तहत 25,500 से 81,100 रुपये तक वेतन मिलेगा। ग्रेजुएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के लिए पे लेवल-5 निर्धारित है। इस पद पर वेतनमान 29,200 से 92,300 रुपये तक होगा।
आवेदन करने का तरीका
उम्मीदवार JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से संबंधित ऑनलाइन आवेदन लिंक खोल सकते हैं। पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन करके व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी।आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फोटो और हस्ताक्षर सहित जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लें और आवेदन की कॉपी भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।