होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
बिजनेस
मनोरंजन
जरा हटके
सेहत
अध्यात्म
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

JP Hospital Bhopal : जेपी में गर्मी से घुट रहा मरीजों का दम, पंखों से आ रही गर्म हवा

JP Hospital Bhopal : जेपी में गर्मी से घुट रहा मरीजों का दम, पंखों से आ रही गर्म हवा

भोपाल। राजधानी का मॉडल अस्पताल जेपी की व्यवस्थाएं ठीक नहीं हैं। भर्ती मरीजों को गर्मी उमस से राहत दिलाने लगाए पंखे-कूलर गर्मी के शुरुआती दौर में ही जबाव दे गए। हालत यह है कि वार्डों में लगे लगभग 100 पंखों में 40 खराब पड़े हैं। कूलर भी ठंडी हवा नहीं दे पा रहे हैं। परिसर में लगे वाटर कूलरों से भी शीतल जल नहीं मिल रहा है। 

100 बिस्तरों के जेपी अस्पताल में लगभग 17 वार्ड हैं। इसमें करीब 100 पंखे लगे हैं। लू के प्रकोप से बचाव के लिए अस्पतालों में मुकम्मल इंतजाम करने का प्रशासन की ओर से दावा किया था। मंगलवार को हरिभूमि टीम ने जेपी अस्पताल में पड़ताल की तो हकीकत दम को निकालने वाली मिली। किसी भी वार्ड में न तो कूलर लगा मिला और न ही ओआरएस कॉर्नर पाया गया। गर्मी से निजात के लिए लगा पंखा हिल रहा था। वहीं पानी के लिए दो स्थानों पर वाटर कूलर तो लगा मिला, लेकिन पानी ठंडा नहीं था। घर से धूप में आने वाले मरीजों का अस्पताल में भी गर्मी से दम घुट रहा था। 

मेडिसिन वार्ड मंे पंखें बंद: ओपीडी में हजार से 1500 मरीजों के लिए सिर्फ दो कूलर

दोपहर करीब दो बजे। ओपीडी में 1000 से 1500 मरीजों की भीड़ थी। बड़े से हाल में दो तरफ दो कूलर तो लगा था, लेकिन चंद लोगों को ही राहत पहुंचा पा रहा था। बाकी गर्मी से परेशान थे। हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक कक्ष के बाहर लगा पंखा बंद था। यहां बैठी सुमन गर्मी से परेशान थीं। उन्होंने कहा कि कहां जाएं जो पंखा चल भी रहा है, उसकी हवा पहुंच ही नहीं पा रही है। ओपीडी में पंखा तो लगा है, लेकिन उसकी रफ्तार बहुत कम है। यहां शुद्ध और ठंडे पानी के लिए लगा एक वाटर कूलर खराब था। आगे मेडिसिन वार्ड की गैलरी में कुछ लोग बैठे थे, जो गर्मी से परेशान थे। यहां लगे एसी बहुत पहले खराब हो चुके है। पंखा भी बंद था, मरीजों के साथ आए उनके परिवार के लोग परेशान थे। इमरजेंसी में भीड़ थी, यहां चार पंखे लगे है, लेकिन दो की हालत खराब है। अस्पताल की व्यवस्था को देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि मरीज ठीक होने के बजाए गर्मी से और बीमार हो जाएगा।
 

इलेक्ट्रीशियन नहीं होने से मेंटेनेंस में परेशानी


बताया जाता है कि जेपी अस्पताल के पास कोई इलेक्ट्रीशियन नहीं है। इसलिए वार्डों में लगे पंखों का नियमित मेंटेनेंस नहीं होने के कारण यह खराब हो गए हैं। जेपी अस्पताल के पास लगभग 45 कूलर हैं। इनकी भी मरम्मत नहीं होने के कारण यह चलने लायक नहीं हैं।

एसी खराब, स्टाफ भी गर्मी से परेशान

अस्पताल के स्टाफ ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हम कई दिनों से बीएमओ से अस्पताल में मरीजों के वार्डों सहित डाक्टरों के कक्षों में कूलर लगाने की मांग कर रहे हैं लेकिन हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
 


संबंधित समाचार