होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

2027 वर्ल्ड कप में ईशान किशन की एंट्री से बढ़ी हलचल, क्या यशस्वी जायसवाल का कटेगा पत्ता?

2027 वर्ल्ड कप में ईशान किशन की एंट्री से बढ़ी हलचल, क्या यशस्वी जायसवाल का कटेगा पत्ता?

2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर भारतीय क्रिकेट टीम की तैयारियां अभी से तेज होती नजर आ रही हैं। टूर्नामेंट में टीम इंडिया का संतुलन कैसा होगा और 15 सदस्यीय टीम में किन खिलाड़ियों को जगह मिलेगी, इस पर चर्चा शुरू हो गई है। इसी बीच विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने अपनी बहुउपयोगिता से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है।

 न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों के लिए उन्हें उपकप्तानी की जिम्मेदारी मिलना भी उनके बढ़ते महत्व का संकेत माना जा रहा है दूसरी तरफ यशस्वी जायसवाल जैसे प्रतिभाशाली ओपनर के सामने टीम में जगह बनाने की चुनौती है। 

रोहित शर्मा और शुभमन गिल की मौजूदगी के चलते टॉप ऑर्डर में पहले से ही कड़ी प्रतिस्पर्धा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या 2027 वर्ल्ड कप की टीम में ईशान किशन की तीनहरी भूमिका यशस्वी जायसवाल की दावेदारी पर भारी पड़ सकती है?

15 सदस्यीय टीम में ईशान किशन की उपयोगिता बन सकती है बड़ा फैक्टर

आईसीसी टूर्नामेंट के लिए टीम चुनते समय चयनकर्ताओं को केवल खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ही नहीं, बल्कि टीम कॉम्बिनेशन पर भी ध्यान देना पड़ता है। वर्ल्ड कप में 15 खिलाड़ियों की सीमित संख्या के कारण ऐसे क्रिकेटरों की अहमियत बढ़ जाती है, जो जरूरत के मुताबिक अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा सकें।

ईशान किशन इसी कसौटी पर मजबूत नजर आते हैं। उनके पास तीन प्रमुख विकल्प हैं।
ओपनिंग बल्लेबाजी: रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बाद ओपनिंग के लिए एक मजबूत विकल्प।
विकेटकीपिंग: केएल राहुल के अलावा दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज की जिम्मेदारी।
मिडिल ऑर्डर: जरूरत पड़ने पर चौथे या पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने की क्षमता।

इस तरह ईशान का चयन टीम को अतिरिक्त विकल्प दे सकता है। चयनकर्ताओं को अलग-अलग भूमिकाओं के लिए कई खिलाड़ियों को शामिल करने की जरूरत भी कम हो सकती है। यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी से यशस्वी जायसवाल की राह मुश्किल

यशस्वी जायसवाल के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनकी बल्लेबाजी क्षमता नहीं, बल्कि भारतीय टीम का मौजूदा टॉप ऑर्डर है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी ने टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है।रोहित की हालिया वनडे पारियों में दो शतक और 92 रन की पारी ने उनकी दावेदारी को और मजबूत किया है। ऐसे में ओपनिंग में उनकी जगह को लेकर फिलहाल ज्यादा संशय नजर नहीं आता।

इसका सीधा असर यशस्वी जायसवाल पर पड़ सकता है। अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई में नाबाद 110 रन बनाने के बाद से उन्हें वनडे में लगातार मौके नहीं मिले हैं।हालांकि जायसवाल का शुरुआती वनडे रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। वह अपने करियर की पहली छह वनडे पारियों में दो शतक लगाने वाले भारत के इकलौते बल्लेबाज हैं।

लेकिन उनकी एक सीमा भी है। उनका स्वाभाविक बल्लेबाजी क्रम ओपनिंग है। लिस्ट ए क्रिकेट में भी उन्होंने ज्यादातर मुकाबलों में शीर्ष दो स्थानों पर ही बल्लेबाजी की है। इसके अलावा वह विकेटकीपिंग या गेंदबाजी का अतिरिक्त विकल्प भी उपलब्ध नहीं कराते। ऐसे में अगर रोहित और गिल की ओपनिंग जोड़ी बरकरार रहती है तो जायसवाल को केवल बैकअप ओपनर के रूप में टीम में शामिल करना चयनकर्ताओं के लिए विचार का विषय हो सकता है।

ईशान किशन का वनडे प्रदर्शन: ओपनिंग से लेकर मिडिल ऑर्डर तक दिखाया दम

ईशान किशन को दूसरे खिलाड़ियों से अलग बनाने वाली बात उनकी बल्लेबाजी में लचीलापन है। वह केवल पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर मध्यक्रम में भी तेजी से रन बना सकते हैं। ओपनिंग करते हुए ईशान ने नौ पारियों में 61.87 की औसत से रन बनाए हैं। इस प्रदर्शन में उनका ऐतिहासिक दोहरा शतक भी शामिल है। वहीं, दूसरे बल्लेबाजी क्रमों पर उनका औसत करीब 34 और स्ट्राइक रेट 97.45 रहा है।

नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान के खिलाफ 79 गेंदों में 125 रन की उनकी पारी भी उनकी क्षमता का बड़ा उदाहरण है। इस प्रदर्शन से साफ हुआ कि ईशान केवल ओपनिंग तक सीमित रहने वाले बल्लेबाज नहीं हैं।हालांकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद उन्हें वनडे में अपनी क्षमता दिखाने के ज्यादा अवसर नहीं मिले हैं। ऐसे में आगामी मुकाबले उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।

टी20 क्रिकेट में भी ईशान का आक्रामक अंदाज, वनडे में प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें

ईशान किशन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद टी20 फॉर्मेट में भी अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में उन्होंने 32 गेंदों पर 61 रन की तूफानी पारी खेली।इस पारी में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के साथ बड़े शॉट खेलने की क्षमता भी देखने को मिली। अब वनडे फॉर्मेट में भी उनसे इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों में ईशान की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। शुभमन गिल और केएल राहुल की अनुपलब्धता के बीच उन्हें टीम में अपनी जगह मजबूत करने का अवसर मिल सकता है।इसके अलावा उपकप्तानी की जिम्मेदारी मिलने से भी उनके प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी।

इन मुकाबलों में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट उन्हें किस बल्लेबाजी क्रम पर उतारता है। यदि उन्हें ओपनिंग के साथ मध्यक्रम में भी आजमाया जाता है तो 2027 वर्ल्ड कप के लिए उनकी दावेदारी का बेहतर आकलन किया जा सकेगा।

2027 वर्ल्ड कप के लिए ईशान किशन बनाम यशस्वी जायसवाल

ईशान किशन और यशस्वी जायसवाल की तुलना केवल बल्लेबाजी के आंकड़ों के आधार पर करना सही नहीं होगा। दोनों खिलाड़ियों की भूमिका और टीम को मिलने वाला फायदा अलग-अलग है। यशस्वी जायसवाल एक विशेषज्ञ ओपनर हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और बड़े स्कोर बनाने की क्षमता उन्हें मजबूत दावेदार बनाती है। वहीं ईशान किशन के पास ओपनिंग के अलावा विकेटकीपिंग और मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने का विकल्प भी है।

चयनकर्ताओं को टीम की जरूरत के हिसाब से मना होगा फैसला  

अगर भारतीय टीम एक अतिरिक्त विशेषज्ञ ओपनर को प्राथमिकता देती है तो जायसवाल की दावेदारी मजबूत हो सकती है। लेकिन यदि चयनकर्ताओं का जोर ऐसे खिलाड़ी पर रहता है, जो एक से अधिक भूमिकाएं निभा सके, तो ईशान किशन को फायदा मिल सकता है। गौरतलब है कि 2023 वनडे वर्ल्ड कप से पहले भी ईशान की बहुउपयोगिता चर्चा में रही थी। दोहरा शतक लगाने के बावजूद उन्हें प्लेइंग इलेवन में नियमित जगह नहीं मिली थी, लेकिन उनकी उपयोगिता ने उन्हें टीम के विकल्पों में बनाए रखा।

वर्ल्ड कप से पहले ईशान को मिलेगा खुद को साबित करने का मौका

2027 वनडे वर्ल्ड कप में अभी समय है, लेकिन भारतीय टीम का संभावित संयोजन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ईशान किशन के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले अपनी उपयोगिता साबित करने का अच्छा अवसर हो सकते हैं।

 यशस्वी जायसवाल को जीतना होगा चयनकर्ताओं का भरोसा 

आखिरकार 15 सदस्यीय वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने की लड़ाई केवल अच्छे बल्लेबाज होने तक सीमित नहीं रहेगी। टीम को किस खिलाड़ी से ज्यादा विकल्प और संतुलन मिलेगा, यह भी चयन का महत्वपूर्ण आधार होगा। फिलहाल ईशान किशन की बहुउपयोगिता उन्हें इस मुकाबले में बढ़त दिलाती दिखाई दे रही है। हालांकि अंतिम फैसला उनके प्रदर्शन, फिटनेस और टीम इंडिया की रणनीति पर निर्भर करेगा।


संबंधित समाचार