नई दिल्ली। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर आज 1 फरवरी (रविवार) को राजधानी दिल्ली में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, शोभायात्रा के चलते मध्य और उत्तरी दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रह सकता है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे प्रभावित मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।
कब और कहां से शुरू होगी शोभायात्रा?
इस शोभायात्रा की शुरुआत दोपहर 02:30 बजे लाल किला मैदान से होगी, जो रात करीब 8 बजे पी एंड टी कॉलोनी, गुरु रविदास मार्ग स्थित संत गुरु रविदास मंदिर पर समाप्ति होगी। इसके साथ ही यह शोभायात्रा चांदनी चौक फतेहपुरी, खारी बावली, सदर बाजार, बारा टूटी चौक, पहाड़ी धीरज, बाड़ा हिंदू राव, DBG रोड सहित इन रास्तों से होकर शोभायात्रा गुजरेगी.
यहां लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन:
सुभाष पार्क टी-पॉइंट
चट्टा रेल चौक
फतेहपुरी टी-पॉइंट
चर्च मिशन रोड / खारी बावली रोड टी-पॉइंट
बारा टूटी चौक
बाड़ा हिंदू राव रोड / रानी झांसी रोड टी-पॉइंट
रानी झांसी फ्लाईओवर (तीस हजारी की ओर)
कालकादास चौक
आर/ए बग्गा
इन सड़कों पर जाने से बचने की सलाह:
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को नेताजी सुभाष मार्ग, एसपीएम मार्ग, चर्च मिशन रोड, खारी बावली रोड, कुतुब रोड, महाराजा अग्रसेन रोड, बारा हिंदू राव रोड, पहाड़ी धीरज रोड, सदर थाना रोड, रानी झांसी रोड, DBG रोड, आर्य समाज रोड, गुरुद्वारा रोड, सरस्वती मार्ग और गुरु रविदास मार्गों से दूर रहने की सलाह दी है।
ट्रैफिक पुलिस की अपील:
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें और पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।